Lucknow City

सीएम ने किया पुलिस बैडमिंटन व टेनिस प्रतियोगिता का आगाज, कहा…खेलों को नई उड़ान दे रहा यूपी

प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1400 पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के खिलाड़ी पांच दिन तक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

लखनऊ, 9 मई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी स्थित बैडमिंटन अकादमी में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन-टेबल टेनिस) प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने प्रतियोगिता की स्मारिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां युवाओं की संख्या भी सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में स्टेडियम गिने-चुने थे और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। अब सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को सम्मानजनक करियर देने पर जोर दे रही है।

उन्होंने बताया कि खेल कोटे के जरिए प्रदेश में 546 खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा 334 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को पदोन्नति दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो खिलाड़ी देश के लिए पदक जीत रहे हैं, उन्हें सरकार बेहतर अवसर और पूरा सम्मान दे रही है।

CM Yogi Inaugurates Police Badminton Championship (1)

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान को उत्तर प्रदेश में असरदार ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं समेत कई आयोजनों के जरिए युवाओं को खेलों से जोड़ने का काम हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 1400 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्क और मजबूत राष्ट्र की बुनियाद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेलों का खास महत्व रहा है। खेल मैदान ऐसी पाठशाला है जहां अनुशासन, एकाग्रता और संघर्ष का सबसे बड़ा सबक मिलता है। उन्होंने कहा कि जितना अधिक पसीना बहता है, सफलता उतनी ही बड़ी होती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button