
लखनऊ, 1 जुलाई 2026:
यूपी के स्कूलों में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को गति देने के लिए मुख्यमंत्री आज सहारनपुर से स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। शिक्षा और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी विद्यालय से बाहर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देने के साथ जनपद को 620 करोड़ रुपये से अधिक की 11 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले सहारनपुर के ग्राम इस्माइलपुर स्थित सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय पहुंचेंगे। यहां वे नए शैक्षणिक सत्र के तहत बच्चों को पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित करेंगे। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी करेंगे।
इसके बाद महाराज सिंह डिग्री कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र की 612 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली आठ परियोजनाएं तथा सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र की 7 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन परियोजनाएं शामिल हैं।
‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण में विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों की पुनर्वापसी, अभिभावकों को जागरूक करने तथा जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। इस अभियान का उद्देश्य हर पात्र बच्चे को विद्यालय से जोड़ते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और प्रदेश में शिक्षा के सार्वभौमिक लक्ष्य को साकार करना है।






