Uttarakhand

देहरादून में ट्रैफिक सुधार पर डीएम सख्त, कहा- माइक्रो प्लान बनाकर तेज करें निर्माण कार्य

यातायात व्यवस्था, पार्किंग और जंक्शन सुधार की समीक्षा, इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 10 जुलाई 2026:

देहरादून शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़कों, चौराहों और प्रमुख जंक्शनों के सुधार का माइक्रो लेवल प्लान तैयार कर तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, जंक्शन इम्प्रूवमेंट, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड और रामराय पार्किंग समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने लोक निर्माण विभाग को प्रमुख चौराहों के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द पूरा करने को कहा, ताकि जाम की समस्या कम हो और यातायात सुचारू रह सके।

इंदिरा मार्केट में करीब 1050 वाहनों की क्षमता वाली निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने एमडीडीए अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने को भी कहा, ताकि उपलब्ध पार्किंग का बेहतर उपयोग हो सके।

डीएम ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों को ट्रैफिक प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय में पूरा कर देहरादून की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित बनाया जाए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button