Lucknow City

154 यात्रियों की थमीं सांसें… दुबई-काठमांडू फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

ईंधन की कमी और काठमांडू में खराब मौसम के चलते पायलट ने मांगी अनुमति, अमौसी एयरपोर्ट से डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित रवाना हुआ विमान

लखनऊ, 11 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया,श जब दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट (FZ-1133) को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में कुल 154 यात्री सवार थे। वे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक यह फ्लाइट दुबई से काठमांडू के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि काठमांडू में खराब मौसम के कारण लैंडिंग की अनुमति भी नहीं मिल सकी। रास्ते में पायलट को विमान में ईंधन कम होने की आशंका हुई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एटीसी ने प्राथमिकता देते हुए तुरंत अनुमति दी जिसके बाद विमान को अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। लैंडिंग के दौरान एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया था ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

ये भी पढ़ें:

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद उसे पार्किंग बे में खड़ा किया गया और सभी यात्रियों को एहतियातन विमान के भीतर ही रखा गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार तकनीकी टीम ने तुरंत विमान की जांच शुरू की और उसमें ईंधन भरने की प्रक्रिया पूरी की गई।

करीब डेढ़ घंटे बाद सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर फ्लाइट को काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। दुबई सरकार के सहयोग से 2008 में शुरू हुई फ्लाई दुबई मध्य पूर्व, एशिया, यूरोप और अफ्रीका के कई शहरों के लिए उड़ान सेवाएं संचालित करती है। भारत के कई शहरों से भी इसकी सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं।

मालूम हो कि लखनऊ एयरपोर्ट पर हाल ही में 31 मार्च को भी एक इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। उस समय एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में पायलट के केबिन में धुआं महसूस होने के बाद मेडे कॉल जारी किया गया था। उस फ्लाइट को भी सुरक्षित लखनऊ में उतारा गया था।

READ MORE

ये भी पढ़ें  राज्य संग्रहालय में सजी पाठशाला... 700 बच्चों ने जानी भारत की कला व विरासत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button