Gorakhpur

बिना रोशनी की आंखों में बसा था अफसर बनने का सपना, ब्लाइंड स्कूल के हॉस्टल में छात्र ने दी जान

गोरखपुर के ब्लाइंड स्कूल में रहकर 8 वीं कक्षा में पढ़ रहा था देवरिया का छात्र, रात में बाथरूम जाने के बाद नहीं लौटा, सुबह दरवाजा खोलने पर गमछे के सहारे लटका मिला शव, पुलिस मोबाइल व CCTV फुटेज से वजह तलाश रही, पिता ने बताया बेटे ने कहा था बड़ा अफसर बनकर परिवार को दुनिया की सैर कराऊंगा

गोरखपुर, 27 अगस्त 2026:

यूपी के गोरखपुर में लालडिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बॉयज इंटर कॉलेज के हॉस्टल में 8वीं के छात्र अनूप कुमार (18) की मौत हो गई। उसका शव कॉलेज के बाथरूम में मिला। पुलिस के मुताबिक छात्र रात में बाथरूम की ओर गया था। सुबह काफी देर तक दरवाजा बंद रहने पर सफाईकर्मी ने आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV में गमछा लेकर जाता दिखा छात्र, अंदर से बंद मिला बाथरूम का दरवाजा

राजघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलने पर अनूप गमछे के सहारे कुंडी से लटका मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। घटना के बाद पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। इसमें अनूप बाथरूम की तरफ अकेले जाता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में गमछा था। पुलिस ने उसका मोबाइल भी कब्जे में लिया है। कॉल डिटेल, मोबाइल की दूसरी जानकारियों के साथ उसके हाल के संपर्कों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:

2019 से हॉस्टल में रहकर पढ़ रहा था

Advertisement

अनूप देवरिया के रामगुलाम टोला निवासी रामआसरे का बेटा था। वह दोनों आंखों से दिव्यांग था। परिवार के मुताबिक देवरिया में दृष्टिबाधित बच्चों की पढ़ाई की बेहतर सुविधा नहीं होने के चलते उसे 2019 में गोरखपुर के इस स्कूल में भेजा गया था। तब से वह यहीं आवासीय छात्र के तौर पर पढ़ रहा था।

gorakhpur-blind-school-hostel-student-death1

पिता बोले, बेटे ने देखे थे बड़े सपने

बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता रामआसरे अपने छोटे बेटे के साथ कॉलेज पहुंचे। उन्होंने बताया कि अनूप पढ़ाई में काफी तेज था। वह जन्म से देख नहीं सकता था, लेकिन अपने भविष्य को लेकर उसका हौसला कम नहीं था। पिता के मुताबिक वह अक्सर कहता था कि एक दिन बड़ा अधिकारी बनेगा, परिवार का नाम रोशन करेगा। वह यह भी कहता था कि एक दिन परिवार को पूरी दुनिया घुमाएगा।

हॉस्टल में छात्रों की निगरानी पर उठे सवाल

परिजनों ने हॉस्टल में छात्रों की निगरानी को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दृष्टिबाधित छात्रों को सामान्य छात्रों के मुकाबले ज्यादा सहयोग व निगरानी की जरूरत होती है। परिजनों ने सवाल किया कि छात्र के बाथरूम जाने के बाद उसकी जानकारी समय रहते क्यों नहीं हो सकी। परिजनों ने स्कूल प्रशासन से हॉस्टल में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी, छात्रों की निगरानी व्यवस्था व सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार समेत पुलिस अधिकारी कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति देखी, CCTV फुटेज की जानकारी ली व स्कूल प्रशासन से घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अनूप बाथरूम में जाने से पहले किसके संपर्क में था। पोस्टमार्टम के बाद अनूप का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर देवरिया रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें  मुंडन की खुशी मातम में बदली... गोरखपुर में तेज रफ्तार पिकअप पलटी, 25 से अधिक घायल

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link