Sports

IPL 2026 : फाइनल में गुजरात की एंट्री… गिल के शतक ने तोड़ा राजस्थान का सपना

वैभव सूर्यवंशी 96 रन बनाकर फिर शतक से चूके, साई सुदर्शन के साथ शुभमन गिल की 167 रन की रिकॉर्ड साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। अब 31 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और आरसीबी के बीच खिताबी मुकाबला होगा

स्पोर्ट्स डेस्क, 30 मई 2026:

शुभमन गिल के शानदार शतक और साई सुदर्शन के साथ उनकी रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। गुजरात ने 215 रन के बड़े लक्ष्य को 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। इस जीत के साथ गुजरात तीसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 2022 में चैंपियन बनी थी, जबकि 2023 में उपविजेता रही थी।

215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़े, जो आईपीएल प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। उन्होंने 2011 के फाइनल में माइकल हसी और मुरली विजय द्वारा बनाए गए 159 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

गिल ने 53 गेंदों पर 104 रन की कप्तानी पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। यह आईपीएल में उनका पांचवां शतक था। दूसरी ओर सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए। हालांकि लगातार दूसरे प्लेऑफ मैच में वह हिट विकेट होकर आउट हुए। सुदर्शन ने इस सीजन में 700 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। गिल और सुदर्शन की जोड़ी ने टी20 क्रिकेट में 11वीं बार शतकीय साझेदारी की, जो किसी भी विकेट के लिए विश्व रिकॉर्ड है।

गुजरात की जीत में वाशिंगटन सुंदर ने 16 रन, राहुल तेवतिया ने नाबाद 17 रन और जोस बटलर ने नाबाद नौ रन का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत खराब रही। मोहम्मद सिराज ने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल को एक रन पर आउट कर दिया। ध्रुव जुरेल भी सात रन बनाकर चलते बने और राजस्थान ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए।

शुरुआती झटकों के बाद वैभव सूर्यवंशी और रवींद्र जडेजा ने पारी संभाली। दोनों के बीच पहले अर्धशतकीय और बाद में 127 रन की अहम साझेदारी हुई। जडेजा बीच में चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर लौटे, लेकिन बाद में फिर बल्लेबाजी के लिए आए।

वैभव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। उन्होंने 47 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से 96 रन बनाए। हालांकि वह लगातार दूसरे नॉकआउट मुकाबले में शतक से चूक गए। एलिमिनेटर में भी वह 97 रन बनाकर आउट हुए थे। इस सीजन में यह तीसरी बार रहा जब वैभव 90 के पार पहुंचकर शतक नहीं बना सके।

जडेजा ने 35 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए। वहीं आखिरी ओवरों में डोनोवान फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन ठोक दिए। उन्होंने राशिद खान के आखिरी ओवर से 27 रन बटोरे। यह आईपीएल प्लेऑफ में किसी स्पिनर के सबसे महंगे ओवरों में शामिल हो गया।

राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 214 रन बनाए, लेकिन गिल और सुदर्शन की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी के सामने यह स्कोर भी छोटा साबित हुआ। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button