आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, डीएम बोले- अफसर रिपोर्ट तैयार करें, प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा
अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश, आकलन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन हुआ बाधित, कई भवन क्षतिग्रस्त, सुरक्षा व बचाव संबंधी किए जाएं उपाए

योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 9 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को अचानक मौसम में बदलाव होने के कारण कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से नुकसान होने की आशंका जताई गई है। डीएम मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ ही कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों व सड़क मार्गों पर भी प्रभाव पड़ा है। इससे कुछ स्थानों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हुई है।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंधी-तूफान के कारण जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटवाते हुए यातायात व आवाजाही सुचारू कराई जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का आकलन किया जाए व आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं बचाव संबंधी उपाए किए जाएं।

उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि ओलावृष्टि एवं तेज आंधी के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन किया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा व राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान के आकलन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।






