न्यूज डेस्क, 27 मई 2026
देशभर में भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अधिकतम सावधानी बरतने और एक-दूसरे की मदद करने की अपील की है। देश के कई हिस्सों में पारा 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के साथ ही उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। यूपी के शहर प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ, एमपी के खजुराहो, नौगांव, ग्वालियर, इंदौर और भोपाल में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसे देखते हुए पीएम मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में लोगों की सेहत और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही हैं।
खुद को रखें पूरी तरह हाइड्रेटेड
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को सबसे पहली और बुनियादी सलाह खुद को हाइड्रेटेड रखने की दी है। धूप में बाहर निकलते समय अपने पास पीने का पानी जरूर रखें। केवल पानी ही नहीं बल्कि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने के लिए पारंपरिक और प्राकृतिक पेयों का अधिक से अधिक सेवन करें। दोपहर के समय अगर बहुत जरूरी न हो तो धूप में निकलने से बचें।
Different parts of India are witnessing soaring temperatures and the challenges that come with it. This heat is harsh on all of us and I urge you all to take as many precautions as possible. Please stay hydrated, keep water with you when stepping out. Offer a glass of water to…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 27, 2026
प्यासों की मदद के लिए करें व्यवस्था
पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति में पानी पिलाने के महत्व को बताते हुए लोगों से सामुदायिक सेवा की भावना अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा यदि आप सक्षम हैं तो अपने घरों, सोसायटियों, दफ्तरों या दुकानों के बाहर ठंडे पानी के मटके या प्याऊ की व्यवस्था करें। तेज धूप में काम करने वाले मजदूरों, प्रवासियों और राहगीरों को पानी या ओआरएस उपलब्ध कराएं।
बेजुबानों और पशु-पक्षियों का भी रखें ध्यान
इस झुलसा देने वाले मौसम में बेजुबान जानवर और पक्षी सबसे ज्यादा पीड़ित होते हैं। प्रधानमंत्री ने इनके प्रति करुणा दिखाने का आग्रह किया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी छतों, खिड़कियों और बालकनियों पर मिट्टी के बर्तनों (सकोरों) में साफ पानी भरकर रखें। अपनी गलियों या दुकानों के बाहर छायादार स्थानों पर पानी के बड़े बर्तन रखें ताकि जानवर अपनी प्यास बुझा सकें।
बुजुर्गों और बच्चों की विशेष देखभाल करें
गर्मी का सबसे घातक असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से कहा है कि वे अपने माता-पिता और आसपास रहने वाले बुजुर्गों का नियमित तौर पर फोन करके या व्यक्तिगत रूप से हालचाल पूछें। बुजुर्गों को सलाह दें कि वे भारी और थका देने वाले काम सुबह या शाम के ठंडे समय में ही करें और दोपहर में पर्याप्त आराम करें।
स्वास्थ्य के प्रति रहें सजग
पीएम मोदी की इस अपील का एक मुख्य हिस्सा स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने से जुड़ा है। अत्यधिक तापमान के कारण लू लगना एक गंभीर स्थिति बन सकती है। चक्कर आना, अत्यधिक थकान, तेज सिरदर्द, मतली (उल्टी आना) या शरीर का तापमान अचानक बढ़ना हीटस्ट्रोक के संकेत हैं। यदि कोई व्यक्ति अस्वस्थ महसूस करता है या स्थिति गंभीर होने पर बिना समय गंवाए नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।





