
न्यूज डेस्क, 2 अगस्त 2026:
NEET PG 2026 की तैयारी कर रहे मेडिकल छात्रों के लिए केंद्र सरकार ने परीक्षा से जुड़े कई बड़े बदलावों का ऐलान किया है। इस बार परीक्षा 30 अगस्त को देशभर में एक ही शिफ्ट में होगी। साथ ही उम्मीदवारों को शहर चुनने से लेकर परीक्षा पैटर्न तक कई राहतें दी गई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की तैयारियों की समीक्षा के बाद इन बदलावों की जानकारी दी।
180 सवाल, लेकिन समय पहले जितना ही
इस बार NEET PG में सवालों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी गई है। हालांकि परीक्षा का कुल समय 3 घंटे 30 मिनट यानी 210 मिनट ही रहेगा। ऐसे में उम्मीदवारों को हर सवाल के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा समय मिलेगा, जिससे पेपर हल करने का दबाव कुछ कम हो सकता है।
अब तीन Test City चुन सकेंगे अभ्यर्थी
उम्मीदवारों को इस बार अपनी पसंद के क्रम में तीन Test City और उनसे जुड़े राज्यों का विकल्प भरने का मौका मिलेगा। परीक्षा से करीब तीन सप्ताह पहले NBEMS की ओर से Test City Intimation Slip जारी की जाएगी। इससे अभ्यर्थी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था पहले से कर सकेंगे।

देशभर के 340 शहरों में होगी परीक्षा, आधार और आइरिस से होगी पहचान
NEET PG 2026 का आयोजन देश के करीब 340 शहरों में 1300 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। पूरी परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। परीक्षा की सुरक्षा मजबूत करने के लिए आवेदन के समय और परीक्षा वाले दिन आधार आधारित पहचान सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी का फिंगरप्रिंट वेरिफिकेशन नहीं हो पाता है तो आइरिस बायोमेट्रिक के जरिए पहचान की पुष्टि की जाएगी।
रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे आवेदन
इस साल NEET PG 2026 के लिए 2,73,183 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह पिछले साल के मुकाबले 12.5 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी है, जिससे मेडिकल पोस्टग्रेजुएट सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा और कड़ी होने की उम्मीद है।






