National

लोकतंत्र बचाओ मार्च : CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की हुंकार, बैरिकेड पर चढ़े राहुल-प्रियंका, हिरासत के बाद भी नहीं थमा प्रदर्शन

संसद से निर्वाचन सदन तक निकले INDIA गठबंधन के सांसदों को पुलिस ने रोका, आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे राहुल गांधी, SIR और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष का हमला

न्यूज डेस्क, 6 अक्टूबर 2026:

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी INDIA गठबंधन ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। संसद से निर्वाचन सदन (ECI मुख्यालय) तक निकाले गए ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च को दिल्ली पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रोक दिया। रास्ता रोके जाने के बाद प्रदर्शन ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए। बाद में उनके समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेने की कोशिश की गई।

india-bloc-save-democracy-march-rahul-priyanka-gyanesh-kumar (2)

विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार से निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे थे। आकाशवाणी भवन और नीति आयोग के पास पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च रोक दिया। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेता सड़क पर ही बैठ गए। पुलिस ने उन्हें बस में ले जाने की कोशिश की लेकिन सांसदों ने बस को रोक दिया।

ये भी पढ़ें:

इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बस से उतरकर आकाशवाणी भवन के रिसेप्शन गेट से अंदर चले गए। दोनों कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ वहां एक पेड़ के नीचे बैठ गए। आकाशवाणी भवन से चुनाव आयोग का मुख्यालय करीब 270 मीटर दूर है। कांग्रेस सांसदों का विरोध प्रदर्शन शाम तक जारी रहा।

Advertisement

india-bloc-save-democracy-march-rahul-priyanka-gyanesh-kumar (3)

प्रदर्शन में केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा समेत कांग्रेस के कई सांसद शामिल रहे। सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। विपक्ष का आरोप है कि स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। इसके साथ ही फॉर्म-6 में बदलाव को लेकर भी विपक्ष ने सवाल उठाए और इसे ‘वोट चोरी’ के खतरे से जोड़ते हुए चुनाव आयोग पर निशाना साधा।

india-bloc-save-democracy-march-rahul-priyanka-gyanesh-kumar (4)

मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी सांसद चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे थे, फिर उन्हें रोका क्यों गया? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अगर चुनाव आयुक्त देश के निर्वाचित प्रतिनिधियों से ही नहीं मिल सकते तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष यहां लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की जवाबदेही तय होगी।

india-bloc-save-democracy-march-rahul-priyanka-gyanesh-kumar (5)

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कुछ समय पहले करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके सहयोगियों से मिलने के लिए आए थे लेकिन उन्हें निर्वाचन सदन तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत की जनता के प्रतिनिधियों को चुनाव आयोग से मिलने से आखिर क्यों रोका जा रहा है।

विपक्ष के इस प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सियासी पारा चढ़ गया है। एक ओर जहां विपक्ष SIR और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहा है, वहीं पुलिस की बैरिकेडिंग और नेताओं को हिरासत में लेने की कार्रवाई ने विरोध को और धार दे दी है।

ये भी पढ़ें  राजनीति में बढ़ रही है महिलाओं की भागीदारी, पंचायत से संसद तक दिख रहा असर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link