राजकिशोर तिवारी
पौड़ी गढ़वाल, 27 जून 2026ः
पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा विकासखंड में शनिवार सुबह गुलदार ने घात लगाकर एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, साथ रही एक महिला की जान बच गई। मौके पर जमा ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गुलदार के क्षेत्र में होने से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार नैनीडांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली निवासी दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी सुबह घर से गांव के ऊपरी हिस्से में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने सुशीला देवी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शांति देवी ने लोगों को बुलाने के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। टीम ने लोगों से सतर्क रहने को कहा और गुलदार को जल्द पकड़ने का भरोसा दिया। वहीं, घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की बात कही।






