Uttarakhand

उत्तरकाशी में विकास की पड़ताल : मुख्य सचिव ने हवाई पट्टी से स्कूल तक की देखी व्यवस्था, छात्रों से संवाद

आनंद बर्द्धन का तीन दिवसीय दौरा, टर्मिनल भवन व अन्य सुविधाओं का किया निरीक्षण, ‘सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का किया उद्घाटन, लखपति दीदियों से की बात, महिलाओं के तैयार उत्पाद देखे

राजकिशोर तिवारी

उत्तरकाशी, 25 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी में विकास की जमीनी हकीकत देखने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन शुक्रवार को मैदान में उतरे। तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन उन्होंने चिन्यालीसौड़ की सामरिक हवाई पट्टी से लेकर गांव की महिलाओं की आजीविका और सरकारी स्कूल की शिक्षा व्यवस्था तक का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं, महिलाओं व छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों और अनुभवों को जाना।

मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचकर रनवे, एप्रन, टर्मिनल भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही वर्तमान व्यवस्थाओं और प्रस्तावित विस्तार योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। चीन सीमा के नजदीक होने के कारण यह हवाई पट्टी सामरिक संचालन के साथ आपदा प्रबंधन, आपातकालीन रेस्क्यू और वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें:

महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने पर जोर

मुख्य सचिव ने ग्राम मल्ली पहुंचकर ‘सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों से बातचीत कर उनके कामकाज व आय के साधनों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि विभिन्न परियोजनाओं के सहयोग से बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, डेयरी, मुर्गी पालन और अचार एवं स्थानीय उत्पादों के निर्माण जैसे काम कर रही हैं। मुख्य सचिव ने महिलाओं के तैयार उत्पाद देखे और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के स्थानीय हुनर और उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने से आजीविका के अवसर और मजबूत किए जा सकते हैं।

uttarkashi-development-review-chief-secretary-anand-bardhan-visit-china-border (2)

अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की दी प्रेरणा

मल्ली के बाद मुख्य सचिव पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली पहुंचे। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और उन्हें ऊंचे लक्ष्य तय करने, चुनौतियों से न घबराने व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल समेत विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण के साथ ही खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। मुख्य सचिव ने लंबी कूद में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित शुभम व परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश, अस्मित, निधि भट्ट और अनुष्का को सम्मानित किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  राहुल गांधी के फर्जी पीए को दबोचा...महिला को पार्टी में अहम पद दिलाने के नाम पर ठगे 25 लाख

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link