National

हौले हौले हो जाएगा प्यार…नहीं, डेटिंग ऐप पर पैंग मारने से पहले बरतें ये सावधानियां

पैसे, गिफ्ट, निवेश या आर्थिक मदद की मांग को मानें गंभीर चेतावनी, निजी तस्वीरें और संवेदनशील जानकारी साझा करना पड़ सकता है भारी

न्यूज डेस्क, 24 मई 2026:

आज के डिजिटल युग में युवाओं के बीच ऑनलाइन डेटिंग ऐप का चलन तेजी से बढ़ा है। जहां ये ऐप लोगों को मिलाने का दावा करते हैं वहीं दूसरी ओर ये संगठित अपराधियों, ठगों और ब्लैकमेलर्स के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बन चुके हैं। हाल के वर्षों में भारत के महानगरों से ऐसी कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं जिन्होंने ऑनलाइन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आए दिन हो रही हैं ऐसी घटनाएं

डेटिंग ऐप के जरिए जहां लोग एक दूसरे से मिलते हैं, दोस्ती होती है और नए रिश्ते बनते हैं वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इसके जरिए फ्रॉड करते हैं। इस संबंध में ऐसी घटनाएं हमें अक्सर देखने और सुनने को मिलती है जैसे दिल्ली के एक स्टूडेंट की मुलाकात डेटिंग ऐप पर एक लड़की से हुई। लड़की ने उसे अपनी सालगिरह मनाने के लिए एक कैफे में बुलाया। लड़की ने वहां दो शॉट ड्रिंक्स, कुछ स्नैक्स और एक हुक्का ऑर्डर किया। कुछ ही मिनटों में कैफे के स्टाफ ने युवक को लाखों का बिल थमा दिया। जब युवक ने विरोध किया तो कैफे मालिक और बाउंसरों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और मारपीट की धमकी दी। युवक को मजबूरन अपने दोस्तों से पैसे उधार लेकर ऑनलाइन पेमेंट करना पड़ा। इसलिए डेटिंग पर जाने से पहले कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।

WhatsApp Image 2026-05-24 at 1.57.48 PM

प्रोफाइल वेरिफिकेशन जरूर करें

ऐसा नहीं है कि डेटिंग ऐप के जरिए लोग फ्राड ही करते हैं। डेटिंग ऐप दोस्ती के साथ- साथ जीवनभर के अटूट रिश्ते का माध्यम भी बन सकता है लेकिन खुद की सुरक्षा के लिए बातचीत आगे बढ़ाने से पहले सामने वाले व्यक्ति की तस्वीरों को जांच और उनकी सोशल मीडिया उपस्थिति को वेरिफाई जरूर करें। ऑनलाइन डेटिंग ऐप मनोरंजन और साथी तलाशने का जरिया जरूर हो सकते हैं लेकिन इनके पीछे छिपे खतरों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता अगर आप या आपका कोई परिचित ऐसे किसी भी फ्रॉड या ब्लैकमेलिंग का शिकार होता है तो डरने या चुप रहने के बजाय तुरंत कदम उठाएं।

संतुलन ही है सबसे बड़ा समाधान

विशेषज्ञ मानते हैं कि डेटिंग ऐप स्वयं समस्या नहीं हैं बल्कि उनका उपयोग कैसे किया जाता है यह अधिक महत्वपूर्ण है। यदि इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल समझदारी, ईमानदारी और स्पष्ट अपेक्षाओं के साथ किया जाए तो वे सार्थक रिश्तों की शुरुआत का माध्यम बन सकते हैं। वहीं केवल मनोरंजन, दिखावे या त्वरित संतुष्टि के लिए उनका उपयोग कई बार भावनात्मक परेशानियों को जन्म दे सकता है।

भरोसा, सम्मान और भावनाएं हैं रिश्तों का आधार

डेटिंग ऐप ने युवाओं के रिश्तों की दुनिया को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने लोगों को जोड़ने के नए अवसर दिए हैं लेकिन साथ ही रिश्तों को लेकर नई चुनौतियां भी पैदा की हैं। तकनीक के इस दौर में सफल रिश्तों की नींव अब भी विश्वास, सम्मान, संवाद और भावनात्मक समझ पर ही टिकी हुई है। स्क्रीन पर शुरू होने वाला संबंध तभी लंबे समय तक टिक सकता है जब उसमें वास्तविक जीवन की संवेदनाएं और प्रतिबद्धता भी शामिल हों।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button