Lucknow City

Doctors’ protest : समान वेतन मांगा तो मुकदमा, लखनऊ में प्रदर्शन के बाद 80 अज्ञात डॉक्टरों पर केस

गांधी प्रतिमा से 1090 चौराहे तक विरोध, मुंह पर टेप लगाकर लगाई गुहार, सड़क जाम और पुलिस से अभद्रता का आरोप, मांगों पर अब तक फैसला नहीं

लखनऊ, 17 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में समान वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे बॉन्डेड एमबीबीएस डॉक्टरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डॉक्टरों की मांगों पर अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ लेकिन उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। हजरतगंज पुलिस ने 14 अक्टूबर को गांधी प्रतिमा के सामने हुए प्रदर्शन के मामले में 70 से 80 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सार्वजनिक शांति भंग करने, अवैध रूप से भीड़ जुटाने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है।

मुंह पर टेप लगाकर किया प्रदर्शन, सड़क पर लेटकर जताया विरोध

समान वेतन और मानदेय की विसंगतियां दूर करने की मांग को लेकर बॉन्डेड डॉक्टरों कई दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने गत गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताया था। मुंह पर टेप लगाकर पहुंचे डॉक्टरों ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी मांगें रखीं। कुछ डॉक्टर सड़क पर लेट गए। प्रदर्शनकारियों ने 1090 चौराहे से चेन बनाकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

डॉक्टरों को सड़क पर बैठा देखकर एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा भी जमीन पर बैठ गए और हाथ जोड़कर उनसे धरना समाप्त करने की अपील की। इसके बावजूद डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

ये भी पढ़ें:

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन और सड़क जाम का आरोप

सचिवालय चौकी प्रभारी बागेश कुमार की शिकायत के मुताबिक 14 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे 70 से 80 अज्ञात लोग गांधी प्रतिमा के सामने फुटपाथ पर जुटे थे। इनमें कुछ डॉक्टरों की पोशाक में थे। उनके हाथों में तख्तियां व बैनर थे। प्रदर्शनकारी मानदेय की विसंगतियां दूर करने और समान वेतन का आश्वासन देने की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

Advertisement

पुलिस का आरोप है कि विधानसभा और लोक भवन के निकट प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की जानकारी देने के बावजूद प्रदर्शनकारी मुख्य सड़क पर बैठ गए। इससे यातायात बाधित हुआ और आम लोगों को परेशानी हुई। पुलिस ने सड़क खाली कराने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया।

इसके बाद प्रदर्शनकारी जीपीओ के सामने सड़क और फुटपाथ पर बैठ गए। फिलहाल, बॉन्डेड डॉक्टरों की समान वेतन की मांग पर निर्णय का इंतजार है, जबकि प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें  बाबा साहेब के अस्थिकलश को लेकर हंगामा : RPI का अल्टीमेटम, हटाया तो महाआंदोलन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link