Lucknow City

तीसरे बड़े मंगल पर हनुमान भक्ति में डूबा लखनऊ… मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, भंडारों की दिखी धूम

अलीगंज के नए और पुराने हनुमान मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, लखनऊ व्यापार मंडल समेत कई संगठनों ने जगह-जगह लगाया भंडारा, गुड़-धनिया का प्रसाद बांटा, भीषण गर्मी के बावजूद सेवा का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा

लखनऊ, 19 मई 2026:

ज्येष्ठ मास के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ पूरी तरह बजरंगबली की भक्ति में रंगी नजर आई। सुबह होते ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने शहर में आधा दर्जन स्थानों पर भंडारों में प्रसाद वितरित किया।

WhatsApp Image 2026-05-19 at 3.40.35 PM (1)

अलीगंज स्थित नए और पुराने हनुमान मंदिर में तड़के चार बजे कपाट खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंचे और हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया। हनुमान सेतु मंदिर, हनुमत धाम, मौनी बाबा मंदिर, त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर और बालाजी मंदिर समेत शहर के तमाम प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला।

ये भी पढ़ें:

तीसरे बड़े मंगल पर इस बार पिछले दोनों मंगलों के मुकाबले ज्यादा भंडारों का आयोजन किया गया। शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं ने शरबत, ठंडा पानी, पूड़ी-सब्जी, हलवा और प्रसाद का वितरण किया। भीषण गर्मी के बावजूद लोग पूरे जोश के साथ सेवा में जुटे रहे। कहीं युवाओं की टोली राहगीरों को ठंडा पानी पिला रही थी तो कहीं महिलाएं श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटती नजर आईं। लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा व अन्य लोगों ने भंडारे का आयोजन किया। यहां लंबी कतारों में लगे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

WhatsApp Image 2026-05-19 at 3.40.35 PM

कई जगह भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ से माहौल भक्तिमय बना रहा। अधिकांश भंडारों में साफ-सफाई का भी खास ध्यान रखा गया। डिस्पोजल कचरे के लिए अलग इंतजाम किए गए और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था संभालते रहे। अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में पहले बड़े मंगल से शुरू हुई गुड़-धनिया वितरण की पुरानी परंपरा इस बार भी जारी रही। तीसरे बड़े मंगल पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गुड़-धनिया का प्रसाद वितरित किया गया।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  ऊना हिंसा केस : 35 आरोपी बरी होने पर मायावती का सवाल, क्या दलितों को न्याय मिलेगा?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button