Lucknow City

Lucknow News: कई इलाकों में आफत, घरों में घुसा पानी, नावों से पहुंचाई जा रही राहत

गोमती का जलस्तर बढ़ने से शहर के फैजुल्लागंज से सैथा तक बाढ़ जैसे हालात, सैकड़ों घर जलमग्न, हजारों लोग परेशान, गर्भवती महिलाओं-बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित निकालने पर जोर

लखनऊ, 4 अक्टूबर 2026:

गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ यूपी की राजधानी लखनऊ के कई रिहायशी इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। फैजुल्लागंज, जेहटा, माल रोड, सैथा और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई मोहल्लों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। हजारों लोग जलभराव के बीच जरूरी सुविधाओं और सुरक्षित आवागमन के लिए जूझ रहे हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।
lucknow-news-gomti-water-level-rises-flood-like-situation-faizullaganj-relief-work (2)

डीएम विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने रविवार को बरावन कला, सैथा समेत प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव वाले इलाकों में पहुंचकर लोगों की सुरक्षा, राहत सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने बाढ़ राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

नावों से घर-घर पहुंच रही राहत

फैजुल्लागंज के प्रभावित इलाकों में हालात का जायजा लेने के लिए डीएम और संयुक्त पुलिस आयुक्त नाव से बस्तियों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर राहत सामग्री की उपलब्धता का सत्यापन किया। डीएम ने बताया कि सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें सक्रिय हैं। नावों के जरिए घर-घर राहत किट पहुंचाई जा रही है।

प्रशासन की प्राथमिकता अब उन परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की है जिनके घरों में पानी भर चुका है। सैथा में निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट को गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष प्राथमिकता तय कर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके लिए तत्काल 10 नावों की व्यवस्था करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें:

दवाओं की किट से लेकर भोजन तक की व्यवस्था

राहत शिविर में डीएम ने चिकित्सकों से प्रभावित लोगों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि जरूरत के अनुसार दवाओं की किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में दवाओं की किट तैयार कर प्रभावित क्षेत्रों तक तत्काल पहुंचाने और जरूरतमंदों को उनका वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और राहत किट उपलब्ध कराने के साथ-साथ बाढ़ की चपेट में आए पशुओं के लिए भूसा और चारे की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
lucknow-news-gomti-water-level-rises-flood-like-situation-faizullaganj-relief-work (3)

Advertisement

रात में भी बढ़ेगी निगरानी

जलभराव वाले इलाकों में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर रात के समय प्रभावित बस्तियों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके अलावा दाऊद नगर क्षेत्र में एक अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे लोगों की शिकायतों और जरूरतों पर तेजी से कार्रवाई हो सके।

डीएम ने अधिकारियों को गोमती नदी के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें  नेशनल स्किल एंड एजुकेशन समिट में अवनीश अवस्थी की सलाह...युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करें

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link