Lucknow City

नमाज शिफ्ट में पढ़िए, सड़कें तमाशा लगाने के लिए नहीं… योगी का ऐलान, बोले- छेड़खानी करने वालों का होगा रावण-दुर्योधन जैसा हाल

मुख्यमंत्री ने गिनाईं ‘नए यूपी’ की उपलब्धियां, कहा- दंगा-माफिया संस्कृति खत्म, अब यूपी निवेश, एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर का मॉडल राज्य

लखनऊ, 18 मई 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश की बदली तस्वीर का उल्लेख करते हुए विपक्ष, अराजक तत्वों और अव्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि कभी कट्टा-बम, दंगे और माफिया राज के लिए बदनाम प्रदेश आज ब्रह्मोस मिसाइल, डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट और निवेश के नए केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यूपी में अब अराजकता और अव्यवस्था के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि राह चलती बेटियों से छेड़खानी करने वालों की दुर्गति रावण और दुर्योधन जैसी होना तय है। कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर सीएम योगी ने दो टूक कहा कि सार्वजनिक रास्तों को बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, हम रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं। सड़कें चलने के लिए हैं, तमाशा लगाने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि अगर संख्या अधिक है तो व्यवस्था बनाकर धार्मिक गतिविधियां करें लेकिन आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए।

WhatsApp Image 2026-05-18 at 5.56.39 PM

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोग संवाद से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो सरकार दूसरा तरीका भी अपनाना जानती है। बरेली की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने हाथ आजमाने की कोशिश की उन्होंने सरकार की ताकत भी देख ली।पत्रकारिता पर बोलते हुए सीएम योगी ने फेक न्यूज और सनसनीखेज रिपोर्टिंग को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।

उन्होंने कहा कि सकारात्मक और संवेदनशील पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करती है, जबकि फर्जी खबरें समाज में आग लगाने का काम करती हैं। उन्होंने भारतेंदु हरिश्चंद्र, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और गणेश शंकर विद्यार्थी का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारिता ने देश निर्माण और आजादी के आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई थी।

सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर देश के टॉप राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुकी है, जबकि प्रति व्यक्ति आय 43 हजार से बढ़कर 1.20 लाख रुपये के पार पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं और पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो चुके हैं। देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित किया जा चुका है, जबकि नोयडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की घरेलू सेवाएं 15 जून से शुरू होंगी।

सीएम ने कहा कि यूपी में अब 96 लाख एमएसएमई यूनिट्स काम कर रही हैं। ये 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं। महिला वर्कफोर्स 12-13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत के पार पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं दिन में भी निकलने से डरती थीं, लेकिन अब रात की शिफ्ट में काम कर सुरक्षित घर लौट रही हैं।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने जगतगुरु आदि शंकराचार्य से जुड़ी कथा सुनाते हुए सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर हमारे आसपास कोई भूखा है और हम ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे हैं तो उस पाप में हम भी भागीदार हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button