बहादुरी का सम्मान : अग्निकांड में जान जोखिम में डालने वाले वार्डन बने हीरो, 21 को अदम्य साहस सम्मान
लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड में दिखाए जज्बे को सलाम, घायल पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव विशेष रूप से सम्मानित, 15 वार्डनों को मिला प्रमोशन
लखनऊ, 23 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के सिविल डिफेंस प्रखंड लोहियानगर की बैठक गुरुवार को संगठन के कंट्रोल रूम में आयोजित हुई। इसमें बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले वार्डनों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। बैठक की अध्यक्षता चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा ने की।
शहर के विकासनगर में 15 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड के दौरान जान जोखिम में डालकर राहत और बचाव कार्य करने वाले वार्डनों का सम्मान बैठक का आकर्षण रहा। इस हादसे में घायल हुए पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। उनकी बहादुरी और कर्तव्यपरायणता की सभी ने जमकर सराहना की।

इसके अलावा अग्निकांड के दौरान उल्लेखनीय योगदान देने वाले डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी, सहायक उप नियंत्रक रेखा पांडेय, डिविजनल वार्डन लोहियानगर सुनील तिवारी, हजरतगंज के डिविजनल वार्डन आशीष कपूर, स्टाफ ऑफिसर कमलेश सिंह, घटना नियंत्रण अधिकारी शोएब, पोस्ट वार्डन सौरभ अग्रवाल और सेक्टर वार्डन आमिर अब्बास सहित कई वार्डनों को लक्ष्मण पुरस्कार 2026 से नवाजा गया।
प्रखंड की सहायक उप नियंत्रक रेखा पांडेय ने सभी वार्डनों के साहस और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी ने डिविजनल वार्डन सुनील तिवारी और उनकी टीम की नेतृत्व क्षमता की खुलकर तारीफ की।
इस मौके पर चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा ने प्रखंड के 15 वार्डनों को पदोन्नति आदेश सौंपे। इससे संगठन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। साथ ही लोहियानगर प्रखंड की ओर से 21 वार्डनों को ‘अदम्य साहस सम्मान’ देकर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम में डिविजनल वार्डन सुनील तिवारी और डिप्टी डिविजनल डॉ. पंकज ने वरिष्ठ अधिकारियों को मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में प्रखंड लोहियानगर के सभी वार्डन मौजूद रहे।






