हादसे में डैमेज कार के अंदर फंसे थे लोग… पूर्व मंत्री ने घायलों को बाहर निकाल हॉस्पिटल भेजवाया
रायबरेली से लखनऊ लौट रहे थे सरोजनीनगर निवासी कार सवार, ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से हुई टक्कर, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ने सुरक्षाकर्मियों संग घायलों को दी मदद
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 8 फरवरी 2026
राजधानी स्थित निगोहां थाना क्षेत्र में रायबरेली- लखनऊ मार्ग पर रविवार दोपहर हरवंश खेड़ा नर्सरी के सामने ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली और वैगनआर कार की टक्कर हो गई। हादसे में क्षतिग्रस्त कार के अंदर दो लोग फंस गए। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को संयोग से फौरन मदद मिल गई। ये मदद उधर से गुजर रहे पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने घायलों को बाहर निकलवाया और साथ मे खुद भी हॉस्पिटल पहुंचे।

बताया गया कि लखनऊ सरोजनीनगर निवासी विकास व संगीता वैगनआर कार द्वारा रायबरेली से लखनऊ लौट रहे थे। कार हरवंश खेड़ा नर्सरी के पास पहुंची, आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से उसकी तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार विकास और संगीता गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के कुछ ही देर बाद उसी मार्ग से गुजर रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। हालात देखते ही उन्होंने बिना देर किए अपना काफिला रुकवाया और घायलों की मदद में जुट गए। उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को कार से बाहर निकलवाया और अपने काफिले की स्कॉर्ट के जरिए मोहनलालगंज स्थित सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने एनएचएआई की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।






