एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 8 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ललूपर में बच्चों को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने पढ़ने आए बच्चों से स्कूल की गंदी और जर्जर छत की सफाई कराई। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रधानाध्यापिका श्वेता त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मामला शुक्रवार को सामने आया, जब स्कूल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें आरोप लगाया गया कि बच्चों को स्कूल की छत पर सफाई के लिए भेजा गया था। इसके बाद वीडियो बनाने वाले युवक के अभिभावकों को कथित रूप से धमकाने का आरोप भी सामने आया। शिकायत के मुताबिक प्रधानाध्यापिका ने वीडियो बनाने वाले युवक के परिजनों के घर जाकर उनके बच्चों का नाम स्कूल से काटने की धमकी दी।

मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी, मोहनलालगंज से जांच कराई गई। जांच आख्या में विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही, स्कूल की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई न कराए जाने, कम्पोजिट ग्रांट का नियमानुसार उपयोग न करने तथा शिक्षक की मर्यादा के विपरीत व्यवहार किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने जांच रिपोर्ट के आधार पर श्वेता त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें प्राथमिक विद्यालय रानीखेड़ा, मोहनलालगंज से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी मोहनलालगंज को मामले की विस्तृत जांच कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय की छत काफी पुरानी और जर्जर है। इसके ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। ऐसे में बच्चों को छत पर भेजना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता था। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रशासन की पहली जिम्मेदारी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस मामले में कथित लापरवाही बेहद चिंताजनक है।






