National

NEET UG : परीक्षा से पहले बड़ा बदलाव… रफ वर्क के पन्ने बढ़े, समय भी हुआ ज्यादा, जानें डिटेल

21 जून को होने वाली परीक्षा को अधिक सहज, सुरक्षित और छात्र हितैषी बनाने के लिए एनटीए ने किए बदलाव, परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट की गई, साइनिंग और दूसरी औपचारिकताओं का समय भी इसमें शामिल होगा,रफ वर्क के लिए अब दोगुने पन्ने मिलेंगे, बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों की सुविधा का भी रखा गया ध्यान

न्यूज डेस्क, 12 जून 2026:

नीट यूजी 2026 परीक्षा से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने परीक्षा की अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है। इससे छात्रों को प्रभावी रूप से 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। यह व्यवस्था 21 जून को होने वाली परीक्षा में लागू रहेगी।

एनटीए के मुताबिक परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस अवधि में उपस्थिति दर्ज कराने, हस्ताक्षर करने और दूसरी जरूरी औपचारिकताओं का समय भी शामिल होगा। एजेंसी का कहना है कि इससे प्रश्न हल करने के लिए मिलने वाला वास्तविक समय प्रभावित नहीं होगा और छात्रों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

परीक्षा में रफ वर्क के लिए उपलब्ध पन्नों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पहले प्रश्न पुस्तिका में दो रफ पेज दिए जाते थे, जिन्हें बढ़ाकर चार कर दिया गया है। छात्र गणना और तर्क आधारित सवालों को हल करने के दौरान इन पन्नों का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बाएं हाथ से लिखने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रश्न पुस्तिका की डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। अब दो रफ पन्ने निर्देश वाले पेज के तुरंत बाद दिए जाएंगे, जबकि अतिरिक्त पन्ने पुस्तिका के अंत में रहेंगे। यह व्यवस्था अंग्रेजी समेत सभी क्षेत्रीय भाषाओं के प्रश्नपत्रों में लागू होगी।

एनटीए ने कहा कि परीक्षा के प्रारूप में किए गए ये छोटे बदलाव परीक्षा के दौरान छात्रों के लिए काफी मददगार साबित होंगे। एजेंसी ने निष्पक्ष, सुरक्षित और छात्र केंद्रित परीक्षा कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

गौरतलब है कि पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर उठे विवादों के बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा को 21 जून के लिए दोबारा निर्धारित किया गया था। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है और इस सिलसिले में कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button