सीतापुर, 12 जून 2026ः
यूपी के सीतापुर में मिश्रिख कस्बे के चंदपुर मोहल्ले में शुक्रवार तड़के एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। चोरों ने युवक को डंडे से पीटा और कई इंजेक्शन लगाए। इससे युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। युवक के मोबाइल से कुछ क्लू मिले हैं।
मिश्रिख कस्बे के चंदपुर मोहल्ले का निवासी नरेंद्र पाल उर्फ राहुल तड़के करीब तीन बजे वॉशरूम के लिए उठा था। उसने पहली मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खोला तो तीन चोरों ने उसे पकड़ लिया। चोरों ने उससे जेवरात के बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद कमरे में ले जाकर उसको पहले डंडे से पीटा और फिर शरीर में तीन-चार जगह इंजेक्शन लगाए, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद चोर बक्से में रखे सोने के कंगन, चांदी की पायल, सोने की चेन और अन्य सामान लेकर छत के रास्ते भाग गए।
राहुल के चिल्लाने पर उसकी मां और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहुल को सीएचसी में भर्ती कराया। उसने पुलिस को बताया कि चोर कहां से घुसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। घर में न ही कोई दरवाजा टूटा हुआ है। चोरों के हाथ में डंडा था। जेब में कई इंजेक्शन भरे हुए थे। दो लोगों ने उसको पकड़ा और एक ने इंजेक्शन लगाए। वहीं, लोगों का कहना है कि ऐसी घटना काफी समय बाद सामने आई है।
पुलिस को जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। क्योंकि घर में कोई ताला नहीं टूटा हुआ है और दूसरे घर की छत इतनी ऊंची है कि उसे फांदना मुश्किल है। पुलिस राहुल का मोबाइल भी खंगाल रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि कमरे के पास ही बंदूक भी टंगी थी, लेकिन चोर उसे नहीं ले गए और युवक ने भी इसका उपयोग नहीं किया। पुलिस इन सभी चीजों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मां सुनने और देखने में असमर्थ है। पिता अपनी ससुराल गए हुए थे। घर में और कोई सदस्य नहीं है।






