फर्जी TET-DL.Ed मार्कशीट से हासिल की नौकरी, सीतापुर में सात और शिक्षकों की सेवा खत्म
2024 Teacher Recruitment के दस्तावेजों की जांच में सामने आया मामला, TET और DL.Ed के अंकपत्र फर्जी मिले, अब तक जिले में 33 शिक्षकों पर हो चुकी कार्रवाई

सीतापुर, 24 जुलाई 2026:
सीतापुर में परिषदीय स्कूलों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी करने वाले सात और शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। जांच में इन शिक्षकों के TET और DL.Ed के अंकपत्र फर्जी मिले। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश भी दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने वाले शिक्षकों की संख्या 33 हो गई है।
2024 Teacher Recruitment की हो रही जांच
वर्ष 2024 की शिक्षक भर्ती में जिले के करीब 1100 शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति के बाद सभी अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक करीब 800 शिक्षकों के दस्तावेज जांचे जा चुके हैं। हाल की जांच में सात शिक्षकों के प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले। विस्तृत जांच के बाद उनके TET और DL.Ed के अंकपत्र फर्जी पाए गए, जिसके बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। जबकि इससे पूर्व 26 शिक्षकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
सरकारी नौकरी पाने के लिए की गई थी हेराफेरी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिक्षक बनने के लिए TET और DL.Ed के अंकपत्रों में हेरफेर कर नियुक्ति हासिल की थी। बीएसए ने सभी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित थानों में FIR दर्ज कर उसकी प्रति कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए। विभाग का कहना है कि बाकी शिक्षकों के दस्तावेजों का सत्यापन भी लगातार जारी रहेगा।
इन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई
विवेक कुमार प्राथमिक विद्यालय महुआकोला, महोली ब्लॉक, जय नारायण सिंह प्राथमिक विद्यालय शिवपुरी सकरन ब्लॉक, कुसुमलता, प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर खैराबाद ब्लॉक, मुरारी लाल रावत प्राथमिक विद्यालय ताजपुर सकरन ब्लॉक, पूजा प्राथमिक विद्यालय बसारा महोली ब्लॉक, भूपेंद्र कुमार प्राथमिक विद्यालय गनेशपुर लहरपुर ब्लॉक व प्राथमिक विद्यालय भानपुर, लहरपुर ब्लॉक में तैनात मनीष सिंह शामिल हैं।






