सीतापुर, 18 अप्रैल 2026:
महोली इलाके के निमचैना गांव के रहने वाले गणेश त्रिपाठी (32) की लखीमपुर खीरी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सरसों पेराई कराने गए थे, लेकिन देर रात सड़क किनारे घायल हालत में पड़े मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, गणेश बाइक से मितौली थाना क्षेत्र के शहीदपुर गांव गए थे। रात में सूचना मिली कि वह कानाखेड़ा-निमचेनी मार्ग पर गंभीर हालत में पड़े हैं। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज से पहले ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि हुई है।
मृतक की पत्नी संध्या त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
बड़े भाई संजय त्रिपाठी का कहना है कि गणेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने मामले की गहराई से जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने बताया कि गणेश करीब डेढ़ साल से जयपुर में रहकर काम कर रहे थे। पत्नी और सात साल के बेटे के साथ वहीं रहते थे। कुछ दिन पहले ही गांव आए थे। पहले महोली में वैन चलाते थे, बाद में वही गाड़ी भाई को देकर बाहर काम करने चले गए थे। गांव के लोगों के मुताबिक उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।






