
लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ गांधी जयंती पर एक बार फिर मुंबई के रंगमंचीय रंग में रंगने जा रहा है। मुंबई की चर्चित संस्था अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान (एबीएसएस) के कलाकारों का दल राजधानी पहुंच चुका है। फिल्म और टीवी सीरियलों में काम करने वाले कलाकारों के साथ इस टोली की अगुवाई मुंबई के चर्चित फिल्म एवं थियेटर निर्देशक-अभिनेता राजेंद्र तिवारी कर रहे हैं। गांधी जयंती के अवसर पर कैसरबाग स्थित गांधी भवन सभागार में 2 से 4 अक्टूबर तक लगातार तीन नाटकों का मंचन किया जाएगा।
खास बात यह है कि कलाकार पिछले दिनों ही लखनऊ पहुंच गए थे और राजेंद्र तिवारी के निर्देशन में इन नाटकों की तैयारियों में जुटे हैं। तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत शुक्रवार (2 अक्टूबर) को नाटक ‘मायाजाल’ से होगी। इसका मंचन गांधी भवन प्रेक्षागृह, कैसरबाग में किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को हास्य नाटक ‘एक अदद बीबी’ दर्शकों को गुदगुदाएगा, जबकि 4 अक्टूबर को ‘धत तेरी की’ के साथ महोत्सव का समापन होगा।

राजेंद्र तिवारी का लखनऊ के रंगमंच से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने लंबे समय तक राजधानी में अभिनेता और निर्देशक के तौर पर काम किया है। पिछले तीन दशक से अधिक समय से वे मुंबई की फिल्म नगरी में निर्देशन और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वहीं, करीब तीन दशक से गांधी जयंती के अवसर पर मुंबई से लखनऊ आकर नाटकों का मंचन करने की परंपरा भी जारी रखे हुए हैं।
इस बार मंच पर देविका पटेल, अर्श, अक्षरिका दास, मोनिका भारती, संदीप मिश्रा, ललित कुमार पांडे, रोशन तिवारी, आर्यन सिंह, शिवम भारद्वाज, रतिकान्त दास, लक्ष्मी सोनी, अजय कुमार श्रीवास्तव, आशी अग्रवाल, शिव शेट्टी, आदर्श मिश्रा, ज्ञानेंद्र गुप्ता, संजय यादव, राजपति साहू, सचिन यादव समेत कई कलाकार नजर आएंगे।

संस्था के अध्यक्ष अश्वनी कुमार शुक्ला के मुताबिक आयोजन को सफल बनाने में लखनऊ के रंगकर्मी ललित पांडे, संदीप मिश्रा, गणेश रावत, अमित तिवारी, राकेश वर्मा, अश्वनी विश्वकर्मा, राकेश तिवारी, एकता अग्रवाल, दिलकश रिजवी, राज त्रिपाठी, सचिन सिंह, अंजना तिवारी, केके अवस्थी, अमरेन्द्र सहाय, इकबाल समेत अन्य सहयोग कर रहे हैं।






