Lucknow City

लखनऊ में प्लॉटों का मेगा धमाका… गोमतीनगर विस्तार से बसंतकुंज तक एलडीए की ये योजना

149 रिहायशी भूखण्डों समेत 475 संपत्तियां ई-ऑक्शन में, 8.5 लाख से 1 करोड़ तक के प्लॉटों पर 28 मई तक लगेगी बोली, 25 वर्गमीटर से 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों को बोली लगाकर ले सकेंगे लोग

लखनऊ, 14 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में प्राइम लोकेशन पर घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर बड़ा मौका दिया है। एलडीए ने गोमतीनगर विस्तार और बसंतकुंज योजना समेत शहर के कई अहम इलाकों की 475 संपत्तियों को ई-ऑक्शन में उतार दिया है। इनमें 149 आवासीय भूखण्ड प्रमुख हैं। उनकी कीमत 8.5 लाख रुपये से लेकर करीब एक करोड़ रुपये तक रखी गई है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर ई-ऑक्शन पोर्टल 28 मई तक खुला रहेगा। इच्छुक लोग संपत्ति के आरक्षित मूल्य का 10 प्रतिशत ईएमडी जमा कराकर ऑनलाइन बोली में हिस्सा ले सकेंगे। इस बार के ई-ऑक्शन का अनुमानित मूल्य करीब 3,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-6 में लैंड ऑडिट के जरिए कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर 12 नये आवासीय भूखण्ड तैयार किए गए हैं। 112 से 225 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले इन प्लॉटों की आरक्षित दर 36 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। इनकी कीमत करीब 40 लाख से 82 लाख रुपये के बीच होगी।

वहीं, बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई, सेक्टर-एच और गऊघाट क्षेत्र में 137 आवासीय भूखण्ड ई-नीलामी में रखे गए हैं। इनमें 25 वर्गमीटर के सबसे छोटे प्लॉट की कीमत 8.5 लाख रुपये है जबकि 300 वर्गमीटर के बड़े प्लॉट की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये तक पहुंचेगी।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि रिफा-ए-आम क्लब के पास जगत नारायण रोड पर ग्रुप हाउसिंग के 4 भूखण्ड भी नीलामी में शामिल किए गए हैं। यहां बहुमंजिला अपार्टमेंट बनने से वजीरगंज क्षेत्र में बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित होंगी। इसके अलावा गोमतीनगर विस्तार सेक्टर-7 में भी ग्रुप हाउसिंग के दो नये भूखण्ड नीलामी में लगाए गए हैं।

एलडीए ने अनंतनगर योजना को ‘एडु सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। यहां शैक्षणिक संस्थानों के लिए आरक्षित 9 भूखण्ड ई-ऑक्शन में शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही गोमतीनगर, चौक, बालागंज, कंचन मार्केट और कानपुर रोड योजना की 50 से अधिक व्यावसायिक दुकानों और चबूतरों की भी नीलामी होगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button