Uttarakhand

LUCC चिट फंड घोटाले में सीबीआई का शिकंजा… 800 करोड़ की ठगी मामले में पांच गिरफ्तार

एक लाख से ज्यादा निवेशकों की जमा पूंजी डूबने के मामले में जांच ने रफ्तार पकड़ी, पूछताछ में कई अहम दस्तावेज और बैंक लेनदेन से जुड़े सुराग मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 14 मई 2026:

उत्तराखंड के चर्चित एलयूसीसी चिट फंड घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद प्रदेश भर में इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुशील गोखरू, राजेंद्र सिंह बिष्ट, तरुण कुमार मौर्य, गौरव रोहिल्ला और ममता भंडारी शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, कंपनी पर उत्तराखंड के एक लाख से अधिक निवेशकों से करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। कंपनी ने ऊंचे मुनाफे और आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया। शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को भुगतान किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा। बाद में कंपनी का नेटवर्क अचानक ध्वस्त हो गया और निवेशकों की बड़ी रकम फंस गई।

सीबीआई की जांच में समीर अग्रवाल और उसकी पत्नी सानिया अग्रवाल को इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। दोनों के विदेश में होने की आशंका है और उनकी तलाश में एजेंसी दूसरे देशों की संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसियां कंपनी के बैंक खातों, संपत्तियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं। इस मामले में लंबे समय से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे निवेशकों को सीबीआई की कार्रवाई से राहत की उम्मीद जगी है। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस घोटाले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button