एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 28 जून 2026:
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र की निगोहां ग्राम पंचायत ने ग्रामीण सुरक्षा को नई पहचान देते हुए पूरे गांव को 24 CCTV कैमरों की निगरानी से जोड़ दिया है। गांव के प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य मार्गों पर कैमरे लगाए गए हैं। अब गांव में होने वाली हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी।
इस व्यवस्था के लिए पंचायत भवन में आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद, हादसे या आपराधिक घटना की जानकारी तुरंत मिलने से पुलिस और प्रशासन समय रहते कार्रवाई कर सकेंगे।

ग्राम प्रधान अभय कान्त दीक्षित ने बताया कि गांव में सुरक्षित माहौल बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उनका कहना है कि CCTV कैमरे लगने से चोरी, छिनैती, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों समेत दूसरे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही गांव में आने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान करना भी पहले की तुलना में आसान होगा।
निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में CCTV कैमरे पुलिस के लिए सबसे उपयोगी तकनीकी सहयोगी बन चुके हैं। इनकी मदद से अपराधों की रोकथाम के साथ किसी भी घटना की जांच में अहम साक्ष्य भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कैमरों की मौजूदगी से अपराधियों में डर बढ़ेगा, जबकि ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ती आबादी और बदलती सुरक्षा जरूरतों के बीच निगोहां ग्राम पंचायत की यह पहल दूसरे गांवों के लिए भी मिसाल बन रही है। शहरों की तरह अब गांव भी तकनीक के सहारे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।






