
अनिल निषाद
अयोध्या, 28 जून 2026:
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। रविवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने एक साथ आठ टीमें बनाकर जेल में बंद सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की। इस दौरान संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का ब्योरा, दूसरे वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान भी दर्ज किए।
जांच के दौरान चंपत राय के करीबी बताए जा रहे आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद उनकी मां मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने घर का ताला खुलवाकर तलाशी ली।
इसके बाद पुलिस आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची, जो टिन्नू का भतीजा भी है। वहां भी मकान बंद मिला। तीसरे आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी कोई मौजूद नहीं था और पुलिस ने बंद मकान की जांच की।

आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर भी पुलिस ने काफी देर तक जांच की। टीम ने जमीन खरीद से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का रिकॉर्ड, दूसरे वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की। आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों का सत्यापन कराने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी, खासकर लेखपालों को भी जांच टीम में शामिल किया गया।
इस मामले में 25 जून को मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। 26 जून को सभी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब पुलिस आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों के स्रोत और दूसरे अहम साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है।






