
पंकज
काकोरी (लखनऊ), 8 जुलाई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार को हुई बारिश ने बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के दौरान हरदोई रोड स्थित लखनऊ डिग्री कॉलेज के पास 33 हजार केवी लाइन पर पेड़ की भारी डाल गिरने से दुबग्गा, एफसीआई और काकोरी विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। अलग-अलग स्थानों पर आए फॉल्ट के कारण 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को करीब चार घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।
काकोरी उपकेंद्र के गोलाकुआं, मंडौली, टिकैतगंज और शाहपुर फीडर से जुड़े बहरू, सरैया, बसरैला, शाहपुर, जमलापुर, रसूलपुर, बुधड़िया, खलिशपुर, दसदोई और नया खेड़ा सहित पूरे क्षेत्र की बिजली अचानक गुल हो गई। वहीं दुबग्गा उपकेंद्र के जेहटा और बरावन कला क्षेत्र में पोल पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।
उधर एफसीआई उपकेंद्र के पिंक सिटी और इब्राहिमगंज फीडर पर दो इंसुलेटर पंचर हो जाने से चार घंटे से अधिक समय तक बिजली सप्लाई ठप रही। बिजली कटौती के कारण भीषण उमस और गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे और कूलर बंद होने से लोग बेहाल रहे और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
एसडीओ संदीप वर्मा ने बताया कि बारिश के कारण लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। तेजी से सप्लाई बहाल करने के प्रयास किए गए।
काकोरी के जेई अजीत सिंह ने बताया कि 33 हजार केवी लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। डाल हटाकर लाइन को दुरुस्त किया गया और शाम करीब सात बजे तक सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।






