
लखनऊ, 26 सितंबर 2026:
यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। शनिवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के भीतर कानून का भय नहीं रह गया है। उन्होंने प्रदेश के मौजूदा हालात को ‘जंगलराज’ करार दिया।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में राम मनन की हत्या और घटना में घायल उनकी मां की केजीएमयू में हुई मौत का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने लखनऊ में राम बाबू मौर्य, गोरखपुर में रमेश और प्रतापगढ़ में अर्जुन गौतम की हत्या का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने भीम आर्मी के अध्यक्ष राजन की दिनदहाड़े हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार हो रही घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं और कई मामलों में अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। श्री मौर्य ने कहा कि सरकार की ओर से निर्दोष लोगों पर ‘कहर’ बरपाया जा रहा है और उन्होंने कथित ‘सरकारी गुंडागर्दी’ की निंदा की।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वह एक अक्टूबर को डीजीपी से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बात करेंगे। यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वह धरने पर बैठने और आंदोलन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार को जगाने की कोशिश की गई है और वह प्रदेश में ‘जंगलराज’ नहीं चलने देंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौर्य ने भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि आयोग जिस तरह काम कर रहा है, वह आम जनता के लिए चिंता का विषय है।






