SIR पर कांग्रेस का लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन: राजेंद्र पाल गौतम बोले- वोट के अधिकार से समझौता नहीं
UP Congress : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कांग्रेस का प्रदर्शन, मतदाता सूची में SIR के जरिए धांधली का लगाया आरोप, राहुल गांधी के उठाए सवालों का जिक्र कर बोले राजेंद्र पाल गौतम, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष

लखनऊ, 25 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश प्रभारी व AICC अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के रवैये पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव की मांग की।
राजेंद्र पाल गौतम ने साधा चुनाव आयोग पर निशाना
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि संविधान ने जिन संस्थाओं को निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी थी, उन पर आज सत्ता के दबाव में काम करने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और वोटों को लेकर तथ्यों व सबूतों के साथ देश के सामने सवाल रखे हैं। कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख रही है।
बोले- वोट की चोरी के आरोपों पर कार्रवाई हो
UP Election 2027 : गौतम ने कहा कि मतदाता सूची में SIR के नाम पर धांधली और वोट चोरी की साजिश के आरोपों की जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि जिन लोगों पर जनता के मताधिकार से खिलवाड़ करने के आरोप हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई और जिम्मेदार पदों से इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी।

दूसरी आजादी की लड़ाई का दिया हवाला
Chief Election Commissioner : कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की पहली आजादी की लड़ाई की तरह ही पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए दूसरी आजादी की लड़ाई लड़ रही है। यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि जनता के वोट और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में सांसद तनुज पुनिया, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पश्चिम जोन प्रभारी संजीव आर्या, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना और UPCC के कोषाध्यक्ष शिव पांडेय समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची की निष्पक्षता और मताधिकार की सुरक्षा की मांग उठाई।






