लखनऊ, 21 मई 2026:
यूपी में योगी सरकार ने एक बार फिर बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस महकमे में नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। तबादला सूची में चार डीजी, चार एडीजी और एक आईजी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनमें चार एडीजी रैंक के अफसरों को पदोन्नति देकर डीजी की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे चर्चित नियुक्ति आलोक सिंह की रही है। कानपुर जोन में एडीजी का पद संभाल रहे आलोक सिंह को प्रमोशन के बाद अब पीएसी का नया डीजी बनाया गया है। वहीं बिनोद कुमार सिंह को सीआईडी एवं साइबर क्राइम का डीजी नियुक्त किया गया है। वे पहले इसी विभाग में एडीजी के रूप में तैनात थे। साइबर अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका को अहम माना जाता रहा है।
सरकार ने जय नारायण सिंह को भी नई जिम्मेदारी देते हुए आर्थिक अपराध शाखा (EOW) का डीजी बनाया है। वे अब तक पावर कारपोरेशन में डीजी के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा डीके ठाकुर को नागरिक सुरक्षा एवं विशेष सुरक्षा बल से हटाकर होमगार्ड विभाग का डीजी नियुक्त किया गया है।
एडीजी स्तर पर भी बड़े बदलाव हुए हैं। अनुपम कुलश्रेष्ठ को आगरा जोन से हटाकर कानपुर जोन का नया एडीजी बनाया गया है। ए सतीश गणेश को यातायात एवं सड़क सुरक्षा से एडीजी क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। आरके स्वर्णकार को पीएसी से पावर कारपोरेशन भेजा गया है जबकि एसके भगत को एडीजी क्राइम से हटाकर आगरा जोन की कमान सौंपी गई है।
वहीं आईजी स्तर पर गीता सिंह को अभियोजन निदेशालय से प्रशिक्षण निदेशालय में नई तैनाती दी गई है। योगी सरकार के इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक कसावट और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
देखें तबादला सूची…







