
देहरादून, 23 अगस्त 2026:
उत्तराखंड में कक्षा 11वीं व 12वीं के छात्रों से भविष्य के राज्य को लेकर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में अब तक 2.5 लाख से ज्यादा निबंध व सुझाव पहुंच चुके हैं। करीब तीन लाख विद्यार्थियों से अपने सपनों के उत्तराखंड का विजन साझा करने की अपील की गई थी। इनमें सर्वश्रेष्ठ विजन वाले 140 निबंध का चयन किया गया है। इन्हें आला अफसरों के साथ सीएम से संवाद का मौका मिलेगा।
Online संवाद से 10 अगस्त को हुई थी शुरुआत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को प्रदेशभर के कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों से Online संवाद किया था। इसी दौरान उन्होंने छात्रों से पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी व निजी स्कूलों के छात्रों ने अभियान में बड़ी संख्या में भाग लिया।
आठ मुद्दों पर सामने आया विजन
छात्रों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन व पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक समेत आठ विषयों पर अपने विचार भेजे हैं। इन सुझावों में युवाओं ने अपने क्षेत्र की जरूरतों से लेकर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी सोच रखी है।
140 छात्रों तक पहुंचेगा मौका
अभियान में 140 बेहतर विचारों का चयन किया जाना है। चयनित छात्रों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों व सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे।
सिर्फ निबंध तक सीमित नहीं रहेगा अभियान
अभियान में मिले सुझावों को राज्य की नीतियों व भविष्य की योजनाओं से जोड़ने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने छात्रों के व्यावहारिक विचारों को गंभीरता से देखने की बात कही है। उपयोगी सुझावों को आगे की Policy Making में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा।
करियर से जुड़े मौके भी मिलेंगे
श्रेष्ठ विचार देने वाले छात्रों को करियर व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ पुरस्कार भी दिए जाएंगे। अभियान के पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले विद्यार्थियों को Digital Certificate देने की व्यवस्था भी की गई है।
पहाड़ से मैदान तक छात्रों की भागीदारी
अभियान में प्रदेश के पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के विद्यार्थियों की भागीदारी सामने आई है। सरकारी स्कूलों के साथ निजी विद्यालयों के छात्रों ने भी अपने निबंध भेजे हैं। लगातार मिल रही प्रविष्टियों के चलते अभियान की अंतिम तारीख तक आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
24 अगस्त तक भेज सकते हैं निबंध
अभियान के संयोजक राहुल अग्रवाल के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार निबंध मिल रहे हैं। छात्रों के पास 24 अगस्त तक अपने विचार पोर्टल पर जमा करने का मौका है।
CM खुद कर रहे अभियान की समीक्षा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रों के विचार केवल भविष्य की योजनाओं के लिए नहीं, मौजूदा उत्तराखंड को नई दिशा देने के लिए भी अहम हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के जरिए युवाओं की सोच को सुनने के साथ उन्हें राज्य के विकास से जोड़ने पर फोकस किया जा रहा है।






