
अनिल निषाद
अयोध्या, 3 अक्टूबर 2026ः
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी और उसके सहयोगी दल ने कमर कस ली है। इसी क्रम में शनिवार को कैबिनेट मंत्री संजय निषाद अयोध्या पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभाग की संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि निषाद पार्टी भाजपा के साथ है। साथ ही कहा कि मोदी और योगी सरकार में ही निषाद समाज को आरक्षण मिल सकता है।
संजय निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने निषाद समाज के लिए कई कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का साथ देना इसलिए जरूरी था, क्योंकि समाजवादी पार्टी के शासन में निषाद समाज के लिए सभी रास्ते बंद कर दिए गए थे। मंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज उसकी स्थिति सभी के सामने है। निषाद समाज के आरक्षण के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दल आरक्षण देने के बजाय उसे छीनने का काम करते हैं। कहा कि पीएम मोदी ने राम मंदिर का निर्माण कराया, निषादराज की प्रतिमा लगवाई और महिलाओं को आरक्षण दिया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि निषाद समाज के आरक्षण का मुद्दा भी सरकार के स्तर पर हल होगा।
मंत्री संजय निषाद ने अयोध्या से निषाद समाज के जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि राम और निषादराज की मित्रता के कारण अयोध्या में निषाद समाज की विशेष आस्था है। उन्होंने दावा किया कि जिन सीटों पर पार्टी पहले हार चुकी थी, वहां जीत हासिल करके उन्होंने अपनी राजनीतिक क्षमता साबित की है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आगामी चुनाव में निषाद पार्टी को उन हारी हुई सीटों पर मौका दिया जाए, जिन्हें वह दोबारा जीतकर दिखा सके। निषाद छात्रावास के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और मामले में जो न्यायपूर्ण होगा, उसे कराने का प्रयास किया जाएगा।






