Lucknow City

रजिस्ट्री विवाद पर सहमति, वकीलों का आंदोलन खत्म, मोहनलालगंज-कैसरबाग दोनों जगह होगा काम

डीएम से वार्ता के बाद दो महीने तक मोहनलालगंज और कैसरबाग दोनों जगह रजिस्ट्री होने का लिया गया फैसला, अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार तैनात करने का भी भरोसा, कल शुक्रवार से अदालतों में नियमित कामकाज बहाल होगा

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ),13 अगस्त 2026:

मोहनलालगंज में रजिस्ट्री कार्यालय को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा अधिवक्ताओं का आंदोलन गुरुवार को खत्म हो गया। जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता में कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद बार एसोसिएशन ने धरना समाप्त करने का फैसला लिया। इसके साथ ही शुक्रवार से न्यायालयों में नियमित कामकाज शुरू होगा।

दो महीने तक दोनों जगह जारी रहेगी रजिस्ट्री

ये भी पढ़ें:

बार एसोसिएशन के महामंत्री राम लखन यादव ने बताया कि जिलाधिकारी ने भरोसा दिया है कि अगले दो महीने तक मोहनलालगंज और कैसरबाग, दोनों जगह पहले की तरह रजिस्ट्री का काम चलता रहेगा। मोहनलालगंज में बढ़ते काम को देखते हुए एक अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार की तैनाती भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दो महीने बाद दोनों स्थानों पर रजिस्ट्री कराने से जुड़े आदेश को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया।

mohanlalganj-registry-dispute-resolved-advocates-strike-ends-lucknow

पांच अगस्त से जारी था विरोध

रजिस्ट्री व्यवस्था में बदलाव के विरोध में मोहनलालगंज बार एसोसिएशन ने पांच अगस्त से आंदोलन शुरू किया था। अधिवक्ताओं का कहना था कि नई व्यवस्था से वादकारियों, वकीलों और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी होगी। आंदोलन की वजह से अदालतों के साथ रजिस्ट्री से जुड़े काम भी प्रभावित हो रहे थे।

बार अध्यक्ष बोले, जनता के हित में लिया फैसला

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला ने कहा कि अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाया। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और दोनों स्थानों पर रजिस्ट्री जारी रखने के साथ अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार की तैनाती का भरोसा दिया। इसी के बाद आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि यह फैसला वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। यदि तय समय के भीतर आश्वासन के मुताबिक कार्रवाई होती है तो रजिस्ट्री व्यवस्था से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक में बार अध्यक्ष कौशलेन्द्र शुक्ला, महामंत्री राम लखन यादव, पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह, अनिल अस्थाना, ऋषि द्विवेदी, शिव अटल सिंह, अमरेंद्र सिंह, यशवीर सिंह समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे। बैठक के बाद बार पदाधिकारियों ने आंदोलन समाप्त करने और शुक्रवार से नियमित न्यायिक कार्य शुरू करने की घोषणा की।

ये भी पढ़ें  School Chalo Abhiyan: शिक्षा रथ लेकर निकले शिक्षक, बच्चों के Enrollment का अभियान तेज

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button