
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 19 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में कुबहरा से कमालपुर बिचलिका को जोड़ने वाले करीब 500 मीटर लंबे कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर किसान नेताओं व ग्रामीणों ने बुधवार से धरना शुरू कर दिया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी व ग्रामीण कुबहरा गांव में सड़क के पास बने सामुदायिक भवन में धरने पर बैठे।
बारिश में रास्ता बन जाता है मुसीबत
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से कच्चा पड़ा यह रास्ता आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए रोज की परेशानी बना हुआ है। बारिश के दौरान यहां कीचड़ व जलभराव होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, किसानों व दूसरे राहगीरों को भी इसी रास्ते से आने-जाने में दिक्कत होती है।

मुख्य मार्ग से जुड़ते हैं कई गांव
किसान नेताओं के मुताबिक यह रास्ता कई गांवों को मोहनलालगंज, नगराम समेत राजधानी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क का डामरीकरण नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने जल्द सड़क बनवाने की मांग को लेकर डीएम व PWD अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ।
एक सप्ताह में सर्वे का आश्वासन
धरने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी देवेश प्रांजपे थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान नेताओं व ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान एक सप्ताह के भीतर कच्चे मार्ग का सर्वे कराने का आश्वासन दिया गया। सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से NOC दिलाने की बात भी कही गई।
निर्माण शुरू होने तक नहीं हटेंगे
अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद किसान नेता व ग्रामीण धरना खत्म करने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना है कि पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुके हैं। इस बार सड़क निर्माण की प्रक्रिया जमीन पर शुरू होने के बाद ही धरना खत्म किया जाएगा। अधिकारियों के वापस लौटने के बाद भी ग्रामीण देर शाम तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।






