
न्यूज डेस्क, 1 जुलाई 2026:
जुलाई 2026 की शुरुआत के साथ देशभर में कई नए नियम लागू हो गए हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। रेलवे, Aadhaar, Passport, Income Tax, RBI Banking Rules और Credit Card जैसे कई अहम क्षेत्रों में नए प्रावधान लागू किए गए हैं। अगर आप सफर करते हैं, बैंकिंग सेवाएं लेते हैं या टैक्स रिटर्न भरते हैं तो इन बदलावों की जानकारी आपके लिए जरूरी है।
Train Rules: रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना, महिला कोच में सफर पर भी सख्ती
1 जुलाई से भारतीय रेलवे ने कई नियमों में बदलाव किया है। बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर अब पहले की तुलना में ज्यादा जुर्माना देना होगा। अब ऐसे मामलों में पूरा किराया देने के साथ 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। महिला कोच में यात्रा करते पकड़े गए पुरुष यात्रियों पर अब 2500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं किसी दूसरे व्यक्ति की टिकट पर सफर करने वालों से पूरा किराया वसूला जाएगा, साथ ही 500 रुपये का जुर्माना भी देना होगा।
Aadhaar Update: छह महीने तक मुफ्त में अपडेट करा सकेंगे ईमेल आईडी
Aadhaar कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक आधार में ईमेल आईडी ऑनलाइन मुफ्त अपडेट कराई जा सकेगी। अब तक इस सुविधा के लिए जीएसटी सहित 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। तय अवधि के दौरान यह सुविधा बिना किसी फीस के मिलेगी।
Passport Rules: पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा
पासपोर्ट बनवाने वालों को अब पहले से ज्यादा खर्च करना होगा। 1 जुलाई से सामान्य पासपोर्ट हो या तत्काल सेवा, दोनों की फीस बढ़ा दी गई है। नए आवेदन करने वालों को संशोधित शुल्क के अनुसार भुगतान करना होगा।
ITR Filing: 31 जुलाई तक भरना होगा Income Tax Return
वित्त वर्ष के लिए Income Tax Return दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है। तय समय के बाद ITR फाइल करने पर नियमों के मुताबिक लेट फीस या जुर्माना देना पड़ सकता है। इसलिए टैक्सपेयर्स को समय रहते रिटर्न दाखिल करने की सलाह दी गई है।
RBI Rules: गलत Financial Product बेचने पर ग्राहक को मिलेगा मुआवजा
भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब अगर किसी ग्राहक को गलत जानकारी देकर कोई Financial Product बेचा जाता है तो संबंधित ग्राहक रिफंड के साथ नुकसान के मुआवजे का भी हकदार होगा। नए नियमों का मकसद ग्राहकों को Mis-selling से बचाना है। इसके बाद बैंक किसी भी प्रोडक्ट की गलत जानकारी देकर उसे बेच नहीं सकेंगे।
HDFC Credit Card: Airport Lounge सुविधा के लिए नई शर्त
HDFC Bank के Regalia Gold Credit Card इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी नियम बदल गए हैं। अब मुफ्त Domestic Airport Lounge सुविधा का लाभ लेने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये का खर्च करना जरूरी होगा। तय खर्च पूरा नहीं होने पर अगली तिमाही में मुफ्त लाउंज एक्सेस का लाभ नहीं मिलेगा।






