
न्यूज डेस्क, 4 सितंबर 2026:
नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान NHAI के अधिकार क्षेत्र वाले किसी टॉयलेट की सफाई खराब मिलती है तो इसकी रिपोर्ट करने पर आपको ₹1,000 का FASTag रिचार्ज मिल सकता है। NHAI ने Clean Toilet Picture Challenge के तहत यह सुविधा शुरू की है। इस पहल को अब 30 जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है।
429 यात्रियों को मिला है रिवॉर्ड, Rajmargyatra ऐप से ऐसे करें रिपोर्ट
NHAI के मुताबिक 2026 में अब तक करीब 429 यात्रियों ने गंदे टॉयलेट की रिपोर्ट की है। जांच के बाद इन शिकायतों को सही पाए जाने पर संबंधित वाहन के FASTag में ₹1,000 का रिचार्ज दिया गया। इस चैलेंज में शामिल होने के लिए Rajmargyatra मोबाइल ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करना होगा। टॉयलेट की साफ तस्वीर अपलोड करनी होगी। फोटो जियो-टैग के साथ टाइम-स्टैम्प वाली होनी चाहिए। रिपोर्ट करते समय नाम, लोकेशन, वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर, मोबाइल नंबर जैसी बेसिक जानकारी भी देनी होगी।
एक वाहन को सिर्फ एक बार मिलेगा रिवॉर्ड
NHAI तस्वीर व दी गई जानकारी की जांच करेगा। इसके लिए AI-assisted screening के बाद मैनुअल वैलिडेशन भी किया जाएगा। शिकायत सही मिलने पर संबंधित Vehicle Registration Number यानी VRN से जुड़े FASTag में ₹1,000 का रिचार्ज किया जाएगा। पूरी स्कीम के दौरान एक VRN को सिर्फ एक रिवॉर्ड मिलेगा। यह रिवॉर्ड किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता, न ही इसके बदले कैश लिया जा सकता है।
🚻 Spot It. Report It. Get Rewarded.
If you come across an unclean toilet at an NHAI-managed Toll Plaza, simply report it through the latest version of the Rajmargyatra App by uploading a clear, geo-tagged photograph along with your Name, Location, Vehicle Registration Number… pic.twitter.com/4EV7zc6Wj5
— NHAI (@NHAI_Official) September 1, 2026
एक ही टॉयलेट की कई शिकायतों पर पहला आवेदन मान्य
अगर किसी टॉयलेट सुविधा को लेकर एक ही दिन कई लोग शिकायत भेजते हैं तो Rajmargyatra ऐप से मिली पहली वैलिड एंट्री पर ही विचार किया जाएगा। इसके बाद भेजी गई रिपोर्ट के लिए अलग से रिवॉर्ड नहीं मिलेगा। यह सुविधा सिर्फ उन टॉयलेट पर लागू है जिन्हें NHAI ने बनाया, संचालित किया या जिनका रखरखाव NHAI के अधिकार क्षेत्र में है। पेट्रोल पंप, ढाबों या दूसरी निजी अथवा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं में बने टॉयलेट इस चैलेंज में शामिल नहीं हैं।






