Uttar Pradesh

नोएडा फेज-2 में दूसरे दिन भी अशांति, मजदूरों के प्रदर्शन के बीच पथराव, लाठीचार्ज

वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कल उग्र हुए थे प्रदर्शनकारी, 300 से अधिक गिरफ्तार, सोशल मीडिया के जरिए उकसाने की जांच

न्यूज डेस्क, 14 अप्रैल 2026:

यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शुरू हुआ मजदूरों का उग्र प्रदर्शन थम नहीं रहा है। सोमवार को हुई हिंसा के बाद मंगलवार को भी नोएडा फेज-2 के सेक्टर-80 इलाके में प्रदर्शनकारियों ने दोबारा जमावड़ा किया और पत्थरबाजी की घटना सामने आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे अचानक कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी के परिसर के आसपास यह घटना हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद कुछ देर तक हालात तनावपूर्ण बने रहे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घरों की साफ-सफाई का काम करने वाले श्रमिक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। बातचीत के दौरान ही कुछ शरारती तत्वों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी को चोट आई है। इसके बाद पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम के पीछे एक संगठित समूह की भूमिका हो सकती है जो श्रमिकों को भड़काने का काम कर रहा है। उन्होंने मीडिया को बताया कि हाल के दिनों में कई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाए गए हैं। उनके जरिए माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे किसी कॉल सेंटर या तकनीकी नेटवर्क का इस्तेमाल तो नहीं हो रहा।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुबह पांच बजे से ही विभिन्न इलाकों में रूट मार्च किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह तीन स्थानों पर मजदूरों के समूह एकत्र हुए थे जिन्हें बातचीत के बाद 15 मिनट के भीतर ही हटा दिया गया। प्रशासन की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति भी मौके पर मौजूद है। सभी पक्षों के साथ लगातार बैठकें कर रही है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और वेतन वृद्धि पर जल्द फैसला हो सकता है। पुलिस ने कल हुई हिंसा में अब तक 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। सात अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। उकसाने वालों की पहचान कर आगे भी गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही संभावित फंडिंग और बाहरी कनेक्शन की भी गहन जांच की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button