Ayodhya

चोर, बदमाश नहीं, कैश कंपनी के कस्टोडियन ने ATM से उड़ा दिए 5 लाख…ऐसे खुली पोल

डिजिटल रिकॉर्ड में 14 लाख दिखाकर असल में भरे सिर्फ 9 लाख, ऑडिट में खुला मामला, कंपनी की शिकायत पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ गबन व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

अयोध्या, 15 अप्रैल 2026:

एटीएम से पैसे उड़ाने के लिए इस बार न कोई बाहरी चोर आया और न ही कोई बदमाश। मामला अंदर के लोगों का निकला। कैश मैनेजमेंट कंपनी के ही दो कस्टोडियन ने मिलकर पांच लाख रुपये का गबन कर दिया। जांच में जब परतें खुलीं तो पूरा खेल सामने आ गया। अब एफआईआर दर्ज की गई है।

लखनऊ में मुख्यालय वाली एक निजी कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के शाखा प्रबंधक अभिषेक तिवारी ने इस मामले में रामजन्म भूमि पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर दोनों कर्मचारियों बैजनाथ और विपिन कुमार के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी और रिकॉर्ड में हेराफेरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया गया कि अयोध्या के जगन्नाथ मंदिर के पास स्थित एसबीआई एटीएम में कैश की गड़बड़ी सामने आई। इस एटीएम की जिम्मेदारी कंपनी ने दोनों कस्टोडियन को दी थी। आंतरिक ऑडिट और तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपियों ने सिस्टम में 14 लाख रुपये लोड होने की एंट्री कर दी, जबकि मशीन में असल में सिर्फ 9 लाख रुपये ही डाले गए थे।

बाकी पांच लाख रुपये उन्होंने अपनी कस्टडी में रख लिए। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने कहा कि पैसा बैंक में नोट बदलने के लिए दिया गया था, लेकिन इस बात का कोई सबूत नहीं मिला। न कोई बैंक रसीद मिली और न ही पैसा कंपनी के खाते या वॉल्ट में जमा हुआ।

जांच में साफ हुआ कि पूरी साजिश पहले से तय थी और रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ कर सिस्टम को गुमराह किया गया। कंपनी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कस्टोडियन की तलाश कर रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button