Lucknow City

बिजली कटौती ने गांवों की नींद छीनी… रायबरेली रोड पर बैरिकेड रख ग्रामीणों ने लगाया जाम

उतरेठिया उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में कई दिनों से बना बिजली संकट, ट्रांसफार्मर खराब होने, केबल जलने और ओवरलोडिंग से परेशान लोगों ने सड़क पर बैरिकेड रखे, करीब एक घंटे तक यातायात थमा रहा, पुलिस ने संभाले हालात

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 21 मई 2026:

पीजीआई थाना क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने गुरुवार सुबह रायबरेली रोड जाम कर प्रदर्शन किया। बलदेव विहार, मवैया और देवीखेड़ा के सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। रोड जाम करने के लिए पुलिस के ही बैरिकेड प्रयोग किये। प्रदर्शन की वजह से करीब एक घंटे तक रायबरेली रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

ग्रामीणों का कहना था कि उतरेठिया उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। कभी ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है तो कभी केबल जल जाती है। ओवरलोडिंग की वजह से बार-बार फॉल्ट होने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। घरों में पानी का संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-21 at 12.23.00 PM

जाम की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी बहस भी हुई। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। हर बार अस्थायी मरम्मत कर मामला शांत करा दिया जाता है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-05-21 at 12.22.59 PM

उधर, बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट वाले स्थानों को चिन्हित कर मरम्मत शुरू करा दी गई है। ओवरलोडिंग कम करने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और जर्जर केबल बदलने की तैयारी की जा रही है।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  सुल्तानपुर : गड्ढे की खोदाई के दौरान निकली हनुमान जी की मूर्ति, ग्रामीण बता रहे चमत्कार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button