प्रयागराज महाकुंभ: सेक्टर-18 में लगी आग, फायर ब्रिगेड मौके पर

प्रयागराज,7 फरवरी 2025
प्रयागराज महाकुंभ में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। गुरुवार को सेक्टर-18 के शंकराचार्य मार्ग स्थित हरिहरानंद कैंप में आग लग गई, जिससे पंडाल भी चपेट में आ गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान शिविर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन मौके पर आरएएफ, यूपी पुलिस और दमकल टीम ने तेजी से स्थिति को नियंत्रित किया।
महाकुंभ में आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 जनवरी को सेक्टर-22 में आग लगी थी, जिसमें 15 टेंट जलकर खाक हो गए थे। वहीं, 19 जनवरी को सेक्टर-19 में सिलेंडर ब्लास्ट से आग फैल गई थी, जिससे कई टेंट जल गए थे। हालांकि, किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, और प्रशासन सतर्कता बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।






