
अनिल निषाद
अयोध्या, 26 अगस्त 2026ः
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन त्योहार पर महिलाओं को बसों में निःशुल्क यात्रा की सौगात दी। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। अयोध्या के सर्किट हाउस में परिवहन विभाग की ओर से महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान महिलाओं ने रक्षाबंधन पर सीएम के तोहफे का स्वागत किया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी नेताओं को महिलाओं ने राखी बांधी।

बुजुर्ग महिलाओं का सफर होगा सुगम
महिलाओं ने कहा कि अब बुजुर्ग महिलाओं को धार्मिक स्थलों, अस्पतालों और अन्य जरूरी स्थानों तक आने-जाने में आर्थिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। महिलाओं ने सीएम योगी के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा बहनों और बुजुर्ग महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इससे न केवल यात्रा का खर्च कम होगा, बल्कि महिलाओं के आवागमन को भी अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
बीजेपी नेताओं ने सम्मान व सुरक्षा का दिया भरोसा
वहीं, कार्यक्रम में मौजूद अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी के माथे पर महिलाओं ने तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। महिलाओं ने उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, भाजपा नेताओं ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन पर्व की बधाई देते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

महिलाओं का सम्मान सरकार की प्राथमिकता
महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व समाज में भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने के साथ-साथ आपसी प्रेम और विश्वास का संदेश देता है। कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






