Ayodhya

LPG संकट के बीच भी नहीं रुकेगा रामलला का भोग…सीता रसोई पहुंचे 200 कमर्शियल सिलिंडर

कमर्शियल गैस की कमी से होटल-रेस्टोरेंट प्रभावित, ट्रस्ट को सिलिंडर आवंटित होने से राम मंदिर परिसर के भोजनालयों का संचालन हुआ आसान

अयोध्या, 15 मार्च 2026:

शहर में कमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच राम मंदिर की सीता रसोई में रामलला का भोग अब बिना किसी रुकावट के बनता रहेगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए 200 कमर्शियल गैस सिलिंडर आवंटित किए गए हैं, जिनकी पहली खेप भी अयोध्या पहुंच चुकी है।

बता दें कि सीता रसोई में प्रतिदिन भगवान के लिए भोग तैयार किया जाता है। इसके अलावा ट्रस्ट से जुड़े अन्य भोजनालयों में भी श्रद्धालुओं और कर्मचारियों के लिए भोजन बनता है। गैस की आपूर्ति सुनिश्चित होने से इन सभी व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन का रास्ता साफ हो गया है।

फिलहाल मंदिर ट्रस्ट को वाणिज्यिक गैस सिलिंडर का आवंटन कर दिया गया है और पहली खेप भी पहुंच गई है। इससे मंदिर परिसर में संचालित सभी भोजनालयों में गैस की आपूर्ति की जाएगी। दरअसल पिछले कुछ दिनों से वाणिज्यिक गैस सिलिंडर की सप्लाई बाधित होने के कारण अयोध्या के होटल, रेस्टोरेंट और छोटे भोजनालयों पर असर पड़ा है। कई प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

गैस संकट का असर राम मंदिर परिसर के पास संचालित राम रसोई पर भी पड़ा। यहां प्रतिदिन करीब पांच से दस हजार श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन कराया जाता है। गैस की कमी के कारण यहां एक समय का भोजनालय बंद करना पड़ा था। मंदिर परिसर में सीता रसोई के अलावा कारसेवकपुरम, तीर्थ क्षेत्र पुरम और राम निवास मंदिर में भी मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोगों और कर्मचारियों के लिए भोजन बनाया जाता है। कुछ स्थानों पर गैस की कमी महसूस की गई थी, जिसे अब सिलिंडर की नई खेप पहुंचने के बाद काफी हद तक दूर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button