बिजनेस डेस्क, 1 जून 2026:
लगातार तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,600 के स्तर के ऊपर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र में 74,775.74 अंक पर बंद हुआ था। सोमवार सुबह यह 75,203.02 अंक पर खुला। सुबह करीब 9:20 बजे सेंसेक्स 331.15 अंक की बढ़त के साथ 75,106.89 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 86.75 अंक मजबूत होकर 23,634.50 अंक तक पहुंच गया।
विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये की शुरुआत लगभग स्थिर रही। डॉलर के मुकाबले रुपया 94.97 पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 95 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर बढ़त के साथ खुले। सबसे ज्यादा तेजी इंडिगो के शेयर में रही, जिसमें करीब 4.88 फीसदी की छलांग दर्ज की गई।
इसके अलावा एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और बजाज फिनसर्व के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और ट्रेंट के शेयर दबाव में रहे। निफ्टी में भी इंडिगो, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस शुरुआती कारोबार के बड़े गेनर्स में शामिल रहे।
ब्रॉडर मार्केट में भी सकारात्मक माहौल दिखा। निफ्टी मिडकैप सूचकांक में 0.52 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.68 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स में आईटी और मीडिया शेयरों ने बाजार को सहारा दिया, जबकि एफएमसीजी, ऑटो और हेल्थकेयर सेक्टर में हल्की कमजोरी रही।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों ने फिर रफ्तार पकड़ी है। ब्रेंट क्रूड दो फीसदी से ज्यादा चढ़कर 93.18 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह इसमें करीब 11 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी।
बाजार पर वैश्विक घटनाक्रमों का असर भी बना हुआ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनका देश ईरान के साथ ऐसा समझौता चाहता है जिससे ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने जल्द समझौते की इच्छा जताई, हालांकि किसी तरह की जल्दबाजी से भी इनकार किया। ईरान से जुड़ा तनाव और ऊर्जा बाजार की हलचल निवेशकों की नजर में बनी हुई है।






