Business

शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स ने भरी 350 अंकों की उड़ान, निफ्टी फिर 24000 के करीब

आईटी व फार्मा शेयरों में जोरदार खरीदारी से शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 76 हजार पार पहुंचा

बिजनेस डेस्क, 29 मई 2026:

घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 352 अंकों तक उछलकर 76,220.02 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 95 अंकों की तेजी के साथ 24,002.80 के स्तर तक पहुंचा। बाद में बाजार में हल्की बिकवाली दिखी, लेकिन दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बने रहे।

सुबह 9 बजकर 27 मिनट पर सेंसेक्स 78.34 अंकों की बढ़त के साथ 75,946.14 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 10.40 अंक मजबूत होकर 23,917.55 के स्तर पर पहुंच गया। बकरीद के चलते गुरुवार को बाजार बंद था, ऐसे में शुक्रवार को निवेशकों ने राहत की सांस ली।

शुरुआती कारोबार में आईटी शेयरों ने बाजार को सबसे ज्यादा सहारा दिया। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2 फीसदी चढ़ा। फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी दिखी। पीएसयू बैंक शेयरों में मजबूती रही, जबकि ऑटो, ऑयल एंड गैस, मेटल और रियल्टी सेक्टर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ एफएमसीजी और मीडिया इंडेक्स में हल्की कमजोरी दर्ज की गई।

बाजार को सबसे बड़ी राहत कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से मिली। ब्रेंट क्रूड करीब 92 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया। जानकार मान रहे हैं कि कच्चे तेल में नरमी से महंगाई पर दबाव कम होगा, जिसका असर बाजार के सेंटिमेंट पर भी दिख रहा है।

ग्लोबल मार्केट से भी मजबूत संकेत मिले। अमेरिका में टेक शेयरों की खरीदारी से एसएंडपी 500 और नैस्डैक में अच्छी तेजी दर्ज की गई। अमेरिका-ईरान के बीच संभावित 60 दिन के युद्धविराम की खबरों से भी जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने की उम्मीद बनी है। इसका असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा, जहां निक्केई और कोस्पी इंडेक्स बढ़त में कारोबार करते नजर आए।

विशेषज्ञों के मुताबिक घरेलू लिक्विडिटी मजबूत बनी हुई है और निवेशकों का भरोसा बाजार में कायम है। उन्होंने कहा कि निफ्टी अगर 24 हजार के स्तर को मजबूती से पार करता है तो आने वाले सत्रों में 24,150 से 24,200 तक की तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं 23,800 का स्तर फिलहाल मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button