Sports

यूपी के शाहनवाज ने World Athletics U-20 में रचा इतिहास, लंबी कूद में झटका कांस्य पदक

18 वर्षीय शाहनवाज खान ने 7.84 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया, विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप की लंबी कूद में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने, मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई, संघर्ष की कहानी बनी युवाओं के लिए मिसाल

स्पोर्ट्स डेस्क, 9 अगस्त 2026:

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले 18 वर्षीय शाहनवाज खान ने World Athletics Under-20 Championship 2026 में इतिहास रच दिया। उन्होंने पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही शाहनवाज विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की लंबी कूद में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहनवाज की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर शाहनवाज ने उत्तर प्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन किया है। संघर्ष, संकल्प और लगातार मेहनत से मिली यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उत्तर प्रदेश को अपने इस होनहार खिलाड़ी पर गर्व है।

ये भी पढ़ें:

तीसरे प्रयास में लगाई सबसे लंबी छलांग

यूजीन (अमेरिका) में आयोजित प्रतियोगिता में शाहनवाज ने अपने छह प्रयासों में 7.67 मीटर, 7.72 मीटर, 7.84 मीटर, 7.52 मीटर, 7.83 मीटर और 5.37 मीटर की छलांग लगाई। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीसरे प्रयास में आया, जिसने उन्हें कांस्य पदक दिलाया। इटली के डेनियल इन्जोली ने 7.97 मीटर के साथ स्वर्ण जबकि ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

प्रतापगढ़ से विश्व मंच तक का सफर

शाहनवाज प्रतापगढ़ जिले के मधापुर गांव के रहने वाले हैं। खेल का माहौल उन्हें परिवार से मिला। उनके चाचा शाहरुख 3000 मीटर स्टीपलचेज के राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं, जबकि दूसरे चाचा मोहम्मद हदीस भाला फेंक में राष्ट्रीय चैंपियन रहे हैं।

पिता के निधन के बाद नहीं छोड़ा सपना

जब शाहनवाज करीब 10 साल के थे, तब कैंसर के कारण उनके पिता का निधन हो गया। पिता मुंबई में टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मुश्किल हालात के बावजूद शाहनवाज ने खेल से नाता नहीं तोड़ा। शुरुआत में उन्होंने भाला फेंक और शॉटपुट में हाथ आजमाया, लेकिन बाद में लंबी कूद को अपना इवेंट बनाया। अब उनकी मेहनत ने उन्हें विश्व स्तर पर भारत का पदक विजेता बना दिया।

ये भी पढ़ें  UPKL में बृज स्टार्स ने दिखाया जलवा, लखनऊ लायंस को हराकर हासिल की लगातार पांचवीं जीत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button