खेल डेस्क, 23 फरवरी 2026:
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में गत चैंपियन भारतीय टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भारत का विजयी अभियान रोकते हुए मुकाबला 76 रनों से अपने नाम कर लिया और सेमीफाइनल की राह को मुश्किल बना दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बावजूद मिडिल ऑर्डर ने शानदार वापसी की। भारत के तेज गेंदबाजों ने नई गेंद से दबाव बनाया और शुरुआती चार ओवर में अफ्रीका तीन विकेट गंवाकर 20 रन पर सिमट गया। मगर इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने काउंटर अटैक कर मैच की तस्वीर बदल दी।

दोनों के बीच 30 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी हुई। ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन ठोके, जबकि मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रनों की तूफानी पारी खेली। आखिरी ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स की 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन की पारी ने स्कोर को 187 तक पहुंचाया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटके, अर्शदीप सिंह को दो सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। ओपनर ईशान किशन खाता खोले बिना लौटे, तिलक वर्मा भी जल्दी पवेलियन चले गए। 26 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद दबाव और बढ़ा। कप्तान सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर संघर्ष करते दिखे लेकिन टिक नहीं पाए। मिडिल ऑर्डर से वाशिंगटन सुंदर और हार्दिक पंड्या भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।
केशव महाराज के एक ओवर में हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह के विकेट गिरने से मैच लगभग हाथ से निकल गया। शिवम दुबे ने 37 गेंदों पर 42 रनों की जुझारू पारी खेलकर स्कोर को 100 के पार जरूर पहुंचाया लेकिन बाकी बल्लेबाजों का साथ न मिल पाने से भारत 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गया।
ग्रुप चरण में व्यक्तिगत चमक के सहारे जीतती आई टीम इंडिया की वही कमजोरी सुपर-8 में उजागर हो गई। सामूहिक बल्लेबाजी की नाकामी ने भारत को भारी पड़ने वाली हार थमा दी। अब आगे के मुकाबलों में हर जीत सेमीफाइनल के लिहाज से बेहद अहम होगी।






