लखनऊ, 26 मई 2026:
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर कराने का गंभीर आरोप लगाया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकार अपनी धाक जमाने और राजनीतिक दबदबा बनाए रखने के लिए फेक एनकाउंटर करा रही है।
उन्होंने दावा किया कि सबसे ज्यादा निशाना पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को बनाया जा रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि आजकल लगातार फर्जी एनकाउंटर की खबरें सामने आ रही हैं। कई परिवार खुलकर अपनी पीड़ा बयां कर रहे हैं। इससे साफ है कि सरकार की मर्जी के अनुसार कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जाति देखकर एनकाउंटर करवा रही है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही केंद्र की भाजपा सरकार भी गिर जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर फेक अर्थव्यवस्था का प्रचार करने का भी आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी का असर सीधे आम आदमी पर पड़ रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने जौनपुर के एक यादव पुजारी के कथित एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने संघर्ष करके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया और दोषियों को जेल भिजवाया। उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले लोग मानसिक रोगी बन जाते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने 2020 के हाथरस कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जो तस्वीर उस समय देखने को मिली थी वैसी ही स्थिति 2026 में भी दिखाई दे रही है। कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अखिलेश यादव ने बिजली संकट को लेकर भी योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है जबकि भाजपा ने दस वर्षों में बिजली क्षेत्र में कोई बड़ा काम नहीं किया।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आज जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान लगाए गए बिजलीघरों की देन है। सपा प्रमुख ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। कहा कि भाजपा सरकार ने देश को आर्थिक संकट में धकेल दिया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। भाजपा असत्य की राजनीति कर रही है।






